
डिजिटल डेस्क। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी से जब पूछा गया कि 56 साल की उम्र में वे खुद को युवा नेता कैसे मानते हैं, तो उन्होंने उम्र को पैमाना मानने से इनकार कर दिया। अमेरिका की शिकागो यूनिवर्सिटी में एक संवाद के दौरान उन्होंने कहा कि जिज्ञासा बनाए रखना और सवाल पूछने से न डरना ही इंसान को युवा रखता है, भले ही सवाल अजीब या बेतुके क्यों न लगें।
राहुल ने कहा कि हर व्यक्ति की अपनी राय होती है। कोई उन्हें युवाओं का नेता कहेगा तो कोई बुजुर्गों का, और यह ठीक है, क्योंकि सबको अपना नजरिया रखने की आजादी है। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी यह नहीं माना कि कुछ सवाल पूछे ही नहीं जाने चाहिए।
युवाओं के उनसे जुड़ाव महसूस करने के सवाल पर राहुल ने बताया कि उन्हें बचपन से सिखाया गया था कि हमेशा जिज्ञासु रहें और अपनी जिज्ञासा पर कोई सीमा न लगाएं। उनके अनुसार किसी भी विषय पर सवाल पूछा जा सकता है, चाहे वह भू-राजनीति हो, महिलाओं का स्वास्थ्य हो, जानवर हों या कोई और बात।
राहुल ने कहा कि उम्र बढ़ने के साथ समाज धीरे-धीरे जिज्ञासा पर बंदिशें लगाने लगता है और सफलता के पारंपरिक पैमानों पर ध्यान देने को कहता है। उनके मुताबिक लोगों को बताया जाता है कि पैसे कैसे कमाएं, बड़ा घर कैसे खरीदें या काम में बेहतर कैसे बनें, ये सवाल पूछे जा सकते हैं, जबकि कई दूसरे सवालों की इजाजत नहीं होती। उन्होंने कहा कि उन्होंने इस सोच को कभी स्वीकार नहीं किया।
यह भी पढ़ें- विश्व विरासत सप्ताह: बस्तर का ऐसा मंदिर जो बना शिव के लिए, पर विराजमान हुए भगवान विष्णु
अपनी बात के समर्थन में राहुल ने अपने गणित के पूर्व शिक्षक का जिक्र किया, जिनसे वे नाश्ते पर मिले थे। उन्हें पता चला कि शिक्षक 60 साल की उम्र में मास्टर्स डिग्री कर रहे हैं। राहुल ने कहा कि लोगों को सवाल पूछते रहना चाहिए, भले ही वे दूसरों को अजीब या असहज लगें।