अंबिकापुर : 19 जान लेने वाले कबरा हाथी के पहरे में रेस्क्यू, 17 हाथियों के बीच 12 दिन के बच्चे को बचाया गया
सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र के अलकापुरी में शुक्रवार रात 12 दिन का हाथी का बच्चा पांच फीट गहरी नाली में फंस गया। रेस्क्यू के दौरान 19 लोगों की जान ले चुके कबरा हाथी ने हमला करने के बजाय वन अमले पर भरोसा जताया और तीन घंटे के अभियान में शावक को सुरक्षित बचाकर मां से मिलाया गया।
Publish Date: Sat, 28 Nov 2026 02:04:58 PM (IST)Updated Date: Sat, 28 Nov 2026 02:04:58 PM (IST)
उदयपुर वन परिक्षेत्र में नाली में फंसे हाथी के बच्चे का रेस्क्यू (बाएं) और कबरा हाथी (दाएं, फाइल फोटो)।HighLights
- 17 हाथियों के दल का नेतृत्व कर रहे कबरा हाथी ने एक्सीवेटर को घटनास्थल तक पहुंचाया
- ड्रोन की मदद से नाली में उल्टे फंसे 12 दिन के हाथी के बच्चे का पता लगाकर चलाया गया रेस्क्यू ऑपरेशन
- नाली से बाहर निकलने के बाद 45 मिनट तक एक्सीवेटर के पास खेलता रहा नन्हा हाथी
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर। सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र के ग्राम अलकापुरी में शुक्रवार की रात एक ऐसी भावुक घटना हुई, जिसने इंसान और वन्यजीव के बीच के रिश्ते को फिर से परिभाषित कर दिया। 12 दिन का नन्हा हाथी पांच फीट गहरी नाली में गिरकर जिंदगी और मौत के बीच फंसा था और उसके चारों पैर व सूंड ऊपर की ओर थे। एक तरफ उसकी मां की चिंघाड़ से पूरा जंगल गूंज रहा था, तो दूसरी तरफ 17 हाथियों का दल घटनास्थल के चारों ओर मंडरा रहा था।
हैरानी की बात यह रही कि इसी दल में वह खूंखार कबरा हाथी भी मौजूद था, जिसने पिछले छह माह में 19 लोगों की जान ली है। इसके बावजूद उस रात कबरा ने हमला नहीं किया, बल्कि वन अमले पर भरोसा जताते हुए खुद आगे-आगे चलकर एक्सीवेटर को नाली तक ले गया और दूसरे हाथियों को दूर रोके रखा। जान जोखिम में डालकर वन कर्मचारियों ने नन्हे हाथी की जान बचाई और सुरक्षित उसकी मां से मिलवा दिया।
खेत की नाली में फंसा हाथी का बच्चा
जानकारी के अनुसार, 17 हाथियों का यह दल उदयपुर के करमकटरा जंगल में रुका था, जिसका नेतृत्व 18 नवंबर को कॉलर आईडी लगाया गया कबरा हाथी कर रहा है। शुक्रवार शाम करीब पांच बजे दल उपका, खुटनपारा और महेशपुर होते हुए रात आठ बजे अलकापुरी के किसान अकलू यादव के खेत के पास पहुंचा। रेंजर फेंकू प्रसाद चौबे के नेतृत्व में तीन वाहनों से वन अमला निगरानी में जुटा था। किसान ने खेत में बरसाती पानी लाने के लिए करीब दो फीट चौड़ी और पांच फीट गहरी नाली बनाई थी, जिसमें चलते समय 12 दिन का हाथी का बच्चा उल्टी अवस्था में गिरकर फंस गया।
चिंघाड़ और ड्रोन से मिली जानकारी
दल करीब डेढ़ घंटे तक लगातार चिंघाड़ता रहा, जिससे ग्रामीण दहशत में आ गए। हाथियों के असामान्य व्यवहार को भांपते हुए वन अमले ने ड्रोन संचालक ऋतिक सोनी की मदद से आसमान से निगरानी कराई। ड्रोन के कैमरे में नाली में फंसा हाथी का बच्चा स्पष्ट दिखाई दिया, जिसके बाद तत्काल रेस्क्यू की रणनीति तैयार की गई।
कबरा के पहरे में चला अभियान
मौके पर दो एक्सीवेटर मशीनें बुलाई गईं और पटाखे फोड़कर दल को थोड़ा पीछे हटाया गया। इसी बीच कबरा हाथी अचानक सामने आया और एक्सीवेटर के आगे चलकर नाली से थोड़ी दूर खड़ा हो गया, मानो वह कह रहा हो कि मेरे बच्चे को बचा लो। वह पूरे समय दल के अन्य सदस्यों को पास आने से रोकता रहा। एक्सीवेटर से नाली के किनारे की मिट्टी काटकर रास्ता बनाया गया। बाहर निकलने के बाद नन्हे हाथी के पैरों को जमीन पर पकड़ नहीं मिल रही थी और वह बार-बार गिर रहा था। तब वनकर्मी इंद्र प्रसाद पिपला, अमरनाथ राजवाड़े और वसंत राम ने जान की परवाह किए बिना नीचे उतरकर उसके पैरों व सूंड को सहारा दिया और उसे खड़ा किया।
मां की आवाज सुनकर दौड़ा बच्चा
रेंजर फेंकू प्रसाद चौबे ने बताया कि नाली से निकलने के बाद नन्हा हाथी लगभग 45 मिनट तक एक्सीवेटर के बकेट के पास घूमते हुए इंसानों के साथ खेलने जैसा व्यवहार करता रहा। दल के लौटने की आशंका के चलते टीम को लाइटें बंद कर शांत खड़ा रहना पड़ा। कुछ देर बाद करीब 10 मीटर दूर खड़ी मां की आवाज सुनते ही बच्चा उसकी ओर दौड़ पड़ा और मां से मिलते ही पूरा दल शांत हो गया। डीएफओ लोकनाथ पटेल और एसडीओ सपना मुखर्जी के मार्गदर्शन में हुए इस अभियान में यादनंद सिंह पैंकरा, गिरीश बहादुर सिंह, अशोक प्रताप सिंह, इग्नेश बेक, नंद कुमार सिंह, राजेश कुजूर, विष्णु सिंह, सहिस कपूर, राजू टोप्पो, भारत सिंह, रामविलास सिंह और बासेन की अहम भूमिका रही।