नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर। बंगाल की खाड़ी से सक्रिय हुए चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव से उत्तरी छत्तीसगढ़ के मौसम में अचानक बड़ा बदलाव आया है। पहले चक्रवात के आंध्र प्रदेश के तट से टकराने का अनुमान था, लेकिन अब यह ओडिशा के तट पर पहुंच गया।
इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां शुरू हो गई हैं। सरगुजा संभाग में भी शुक्रवार दोपहर बाद से मौसम का मिजाज बदल गया और रुक-रुककर बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। मौसम विभाग के अनुसार चक्रवात का प्रभाव अगले 24 घंटे तक संभाग के कई इलाकों में बने रहने की संभावना है।
इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बेमौसम हो रही बारिश से खरीदी केंद्रों में धान को सुरक्षित रखने की कवायद तेज हो गई है। समितियों में पर्याप्त तिरपाल एवं कैप कवर की व्यवस्था की गई है ताकि बारिश से धान न भीगे।
चक्रवात के प्रभाव से जहां एक ओर तापमान में अचानक बढ़ोतरी दर्ज की गई है, वहीं दूसरी ओर बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। पिछले तीन-चार दिनों से सरगुजा संभाग में कड़ाके की ठंड पड़ रही थी।
अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान गिरकर 7.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, लेकिन चक्रवात के कारण दक्षिण-पूर्व दिशा से नमी युक्त हवा का प्रवाह शुरू होने से 24 घंटे के भीतर न्यूनतम तापमान बढ़कर करीब 16 डिग्री पर पहुंच गया। इस तरह रात के तापमान में लगभग नौ डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई है। हालांकि, दिन का तापमान गिरकर 25 डिग्री के आसपास पहुंच गया है। शुक्रवार शाम पांच बजे तक अंबिकापुर में करीब 7.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
धान की कटाई और मिंजाई पर पड़ा असर
बेमौसम बारिश का सबसे ज्यादा असर खरीफ की तैयार फसल पर पड़ने की आशंका है। ग्रामीण इलाकों में इन दिनों धान की कटाई, मिंजाई और उपज को सुरक्षित रखने का काम तेजी से चल रहा है। बारिश के कारण खेतों में कटाई का काम रुक गया है, वहीं खलिहानों में रखी धान की फसल भी भीगने से गुणवत्ता प्रभावित होने का खतरा है।
नमी बढ़ने से धान के रंग, वजन और भंडारण क्षमता पर असर पड़ सकता है। हालांकि जिन किसानों ने पहले ही मौसम की जानकारी लेकर कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थानों पर रख दिया है, उन्हें नुकसान से राहत मिलेगी। खेतों में खड़ी फसल पर फिलहाल अपेक्षाकृत कम असर पड़ने की संभावना है, लेकिन लगातार बारिश होने पर कटाई का काम और आगे खिसक सकता है।
रबी की खेती के लिए फायदेमंद होगी बारिश
बेमौसम बारिश का दूसरा पहलू किसानों के लिए राहत देने वाला भी है। खरीफ की फसल को नुकसान की आशंका के बीच यह बारिश आगामी रबी सीजन की खेती के लिए उपयोगी मानी जा रही है। खेतों में पर्याप्त नमी होने से मिट्टी की जोताई आसान होगी। इससे गेहूं, चना, मटर, सरसों और अन्य रबी फसलों की बोवाई की तैयारी करने वाले किसानों को फायदा मिल सकता है। सिंचाई पर निर्भरता भी कुछ हद तक कम होगी।
अगले 24 घंटे मौसम में उतार-चढ़ाव के आसार
मौसम विभाग के अनुसार चक्रवाती तूफान की दिशा ओड़िशा से झारखंड की ओर है। यही कारण है कि इसका प्रभाव अगले 24 घंटे तक सरगुजा संभाग में बना रहेगा। कई क्षेत्रों में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके बाद चक्रवात के प्रभाव में कमी आने के साथ मौसम की स्थिति में बदलाव देखने को मिल सकता है।
कृषि विज्ञानियों ने किसानों को सलाह है कि कटी हुई धान की फसल को खुले में न छोड़ें और खलिहानों में रखी उपज को तिरपाल से ढंककर सुरक्षित रखें। मौसम की इस अचानक करवट ने एक बार फिर खरीफ की अंतिम तैयारी में जुटे किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी है।
बलरामपुर के उपार्जन केंद्रों में तिरपाल-कैप कवर के इंतजाम
बलरामपुर जिले में बारिश की आशंका को देखते हुए जिले के सभी 54 उपार्जन केंद्रों में कैप कवर, पन्नी और तिरपाल की पर्याप्त व्यवस्था की जा रही है। धंधापुर, बरतीकला और रामचन्द्रपुर सहित अन्य केंद्रों में यह व्यवस्था संबंधित अधिकारी सुनिश्चित कर रहे हैं।
तेज हवा में कवर न उड़ें, इसलिए धान के सभी स्टैक रस्सियों से मजबूती से बाँधे जा रहे हैं। जमीन की नमी और बहते पानी से बचाव के लिए पर्याप्त ड्रेनेज रखने और फड़ के चारों ओर नालियों की सफाई कर जल निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कहीं जलभराव न हो। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर सभी केंद्र प्रभारी और समिति कर्मचारी 20 से 22 नवम्बर तक मुख्यालय में रहकर लगातार निगरानी रखेंगे।