अंबिकापुर में दो साल के बच्चे ने चबाया पटाखा, मुंह में फटा; अधिक खून बहने से अस्पताल में मौत
सीतापुर थाना क्षेत्र के नवापारा में घर के आंगन में खेल रहे दो वर्षीय मासूम के मुंह में लहसुन पटाखा (पाप-पाप) फट गया।
Publish Date: Thu, 12 Nov 2026 03:50:55 PM (IST)Updated Date: Thu, 12 Nov 2026 03:50:55 PM (IST)
फोटो-एआई जनरेटेडHighLights
- दीवाली पर सीतापुर में दर्दनाक हादसा
- दो साल के बच्चे के मुंह में फटा पटाखा
- मुंह को जोड़ने वाली नस कटी, हुई मौत
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर। दीपावली के दौरान पटाखों से होने वाले हादसों के बीच एक दुखद घटना हो गई। सीतापुर थाना क्षेत्र के नवापारा में घर के आंगन में खेल रहे दो वर्षीय मासूम के मुंह में लहसुन पटाखा (पाप-पाप) फट गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई।
नवापारा निवासी इन्द्रजीत मांझी ने दीपावली के लिए घर पर पटाखा लाया था। उसका दो वर्षीय पुत्र आदित्य नौ नवंबर की सुबह घर के आंगन में खेल रहा था। इसी दौरान परिवार के अन्य बच्चे लहसुन पटाखा (पाप पाप) फोड़ रहे थे। खेलते-खेलते आदित्य ने प्लास्टिक के पैकेट में पटाखा मुंह में चबा लिया, तभी पटाखा उसके मुंह के अंदर ही फट गया।
रात में निकलने लगा दोबारा खून
विस्फोट से उसके ऊपरी होंठ और मुंह को जोड़ने वाली नस कट गई, जिससे लगातार खून बहने लगा। परिजन तत्काल बच्चे को उपचार के लिए सीतापुर के शासकीय अस्पताल ले गए। वहां उपचार के बाद रक्तस्राव रुकने पर उसे घर ले आए, लेकिन रात में दोबारा खून निकलने लगा।
अगले दिन 10 नवंबर को परिजन फिर उसे सीतापुर अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत में सुधार नहीं होने पर 11 नवंबर को बच्चे को अंबिकापुर स्थित मिशन अस्पताल में भर्ती कराया , जहां उसका उपचार चल रहा था। अत्यधिक रक्तस्राव को देखते हुए चिकित्सकों ने खून की व्यवस्था करने कहा था।
सदमे में परिवार
स्वजन इसकी व्यवस्था में लगे थे। इसी दौरान रात में चिकित्सकों ने बच्चे की मौत होने की जानकारी परिजनों को दी। पिता इन्द्रजीत मांझी के अनुसार, मुंह में पटाखा फटने से लगी चोट और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनके बेटे आदित्य की जान चली गई। इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।