
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। कहीं कचरे का ढेर था तो कहीं गंदगी के कारण सार्वजनिक स्थलों का इस्तेमाल मुश्किल हो रहा था। बदरंग दीवारें और बदहाल मैदान शहर की खूबसूरती पर दाग बन रहे थे। अब इन स्थानों की तस्वीर बदलने की कोशिश की गई है।
स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत रायपुर नगर निगम ने शहर के करीब 53 सार्वजनिक स्थलों का कायाकल्प किया है। इनमें तालाब, उद्यान, मैदान और पुराने नगर निगम भवन जैसे स्थान शामिल हैं। एक महीने तक चले इस विशेष अभियान में नगर निगम के साथ सामाजिक संस्थाओं, संगठनों और नागरिकों ने भी भागीदारी निभाई।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चले अभियान में नगर निगम के सभी 10 जोनों की टीमों ने ऐसे स्थान चिह्नित किए, जहां गंदगी, कचरे का जमाव और अव्यवस्था थी। यहां कचरे का निष्पादन, विशेष सफाई, रंग-रोगन, सौंदर्यीकरण और जरूरी सुधार कार्य कराए गए।
तालाब से मैदान तक बदली तस्वीर
कायाकल्प किए गए प्रमुख स्थानों में वार्ड 61 का जल विभाग, भाठागांव और साबुन डबरी तालाब, वार्ड 44 का पुराना नगर निगम भवन, वार्ड 38 का दशहरा मैदान, वार्ड 59 में गौसिया मैदान के पास का क्षेत्र, वार्ड 46 का गुरु तेग बहादुर उद्यान और वार्ड 42 का जगन्नाथ मंदिर क्षेत्र शामिल हैं। इन स्थानों पर सफाई और सौंदर्यीकरण के जरिए सार्वजनिक उपयोग के लिए बेहतर वातावरण तैयार करने का प्रयास किया गया।
यह भी पढ़ें- CG Transfer: वाणिज्यिक कर विभाग में बड़ा फेरबदल, 32 अफसरों का किया गया तबादला
नागरिकों की भागीदारी पर जोर
आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर अभियान संचालित किया गया। वार्ड पार्षदों की अगुवाई में जोन कमिश्नरों और स्वास्थ्य अधिकारियों ने कार्यों की निगरानी की। अभियान की खास बात यह रही कि करीब 53 स्थलों में नगर निगम के प्रयासों के साथ विभिन्न संस्थाओं और नागरिकों का सहयोग भी मिला। नगर निगम का उद्देश्य केवल एक महीने में इन स्थानों को चमकाना नहीं, बल्कि उनकी स्वच्छता को स्थायी बनाए रखना है।