
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। करीब 10 साल पहले अपने बेटे की हत्या में निरंजन पाल के शामिल होने के संदेह ने विनोद दांडेकर के मन में ऐसी रंजिश पैदा की कि उसने साथी राजा नायडू के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी।
दोनों ने निरंजन को कमल विहार सेक्टर-13 के सुनसान इलाके में बुलाया। पहले उसे शराब पिलाई और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद पहचान छिपाने और साक्ष्य मिटाने के लिए उसके कपड़े उतारकर जला दिए।
शव को मेनहोल (गटर) में डालकर ऊपर से ढक्कन बंद कर दिया। वहीं, मृतक की एक्टिवा को मुजगहन क्षेत्र में बाकल नदी के पास छिपा दिया।
तेलीबांधा पुलिस ने गुमशुदगी की जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों की निशानदेही पर निरंजन का शव, जले हुए कपड़े और एक्टिवा बरामद की गई है।
तेलीबांधा पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ के बाद सुलझाई गुत्थी
पुलिस के अनुसार, निरंजन पाल 10 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे से घर से लापता था। उसके घर नहीं लौटने पर स्वजन ने तेलीबांधा थाने में गुमशुदगी की सूचना दी। पुलिस ने सूचना मिलते ही मामला दर्ज कर उसकी पतासाजी शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने आसपास के लोगों और संदिग्धों से पूछताछ की। इसी दौरान मिले तथ्यों के आधार पर राजा नायडू से पूछताछ की गई। उससे मिले सुराग के बाद पुलिस विनोद दांडेकर तक पहुंची। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों की भूमिका सामने आई और मामला गुमशुदगी से हत्या का निकला।
यह भी पढ़ें- रायपुर की खूबसूरती में लगे चार चांद, तालाबों से लेकर मैदान तक 53 सार्वजनिक स्थलों का कायाकल्प
बेटे की हत्या के शक में 10 साल से थी दुश्मनी
पूछताछ में सामने आया कि विनोद दांडेकर को करीब 10 साल पहले अपने बेटे की हत्या में निरंजन पाल के शामिल होने का संदेह था। इसी बात को लेकर वह निरंजन से पुरानी रंजिश रखता था।
इसी रंजिश का बदला लेने के लिए उसने राजा नायडू के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। दोनों ने निरंजन को कमल विहार सेक्टर-13 बुलाया। वहां उसे शराब पिलाने के बाद गला दबाकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस के मुताबिक, हत्या के पीछे पुरानी रंजिश ही मुख्य वजह सामने आई है।
कपड़े जलाए, गटर में शव डालकर बंद किया ढक्कन
हत्या के बाद दोनों आरोपितों ने वारदात को छिपाने की कोशिश की। मृतक की पहचान उजागर न हो और पुलिस को साक्ष्य न मिलें, इसके लिए उसके कपड़े उतारकर जला दिए।
इसके बाद शव को मेनहोल में डालकर ऊपर से ढक्कन बंद कर दिया। आरोपितों ने मृतक की एक्टिवा को भी घटनास्थल से दूर ले जाकर मुजगहन क्षेत्र में बाकल नदी के पास छिपा दिया। उन्हें लगा कि शव और वाहन अलग-अलग जगह छिपाने से पुलिस उन तक नहीं पहुंच पाएगी, लेकिन पुलिस की पूछताछ में पूरे घटनाक्रम का पर्दाफाश हो गया।
साक्ष्य मिटाने और हत्या की धाराओं में दोनों को भेजा गया जेल
तेलीबांधा पुलिस ने राजा नायडू और विनोद दांडेकर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, राजा नायडू तेलीबांधा थाने का गुंडा-बदमाश है। दोनों आरोपितों की निशानदेही पर निरंजन का शव बरामद किया गया।
इसके साथ ही घटनास्थल से संबंधित जले हुए कपड़े और मृतक की एक्टिवा भी बरामद की गई है। मामले में हत्या और साक्ष्य मिटाने सहित अन्य सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
यह भी पढ़ें- रेलवे का बड़ा फैसला, शालीमार-एलटीटी एक्सप्रेस में जुड़ेगा अतिरिक्त एसी कोच