अंबिकापुर में छठ मनाने गए शिक्षक और व्यवसायी के घर चोरी, 20 लाख के जेवर और नकदी पार
अंबिकापुर में छठ मनाने गए दो परिवारों के यहां चोरी हो गई। पीड़ितों में एक शिक्षक और एक व्यवसायी हैं। चोरों ने सूने घर का फायदा उठाकर 20 लाख रुपये से अधिक के जेवर और नकदी पार कर दिए।
Publish Date: Mon, 16 Nov 2026 03:11:27 PM (IST)Updated Date: Mon, 16 Nov 2026 03:11:27 PM (IST)
अलमीरा का ताला तोड़कर गहनों और नकद की चोरी।HighLights
- रविवार शाम 3 घंटे के अंदर दोनों घरों को आरोपियों ने बनाया निशाना
- दोनों परिवार छठ पर्व मनाने गए थे घुनघुट्टा बांध
- आरोपियों की तलाश के लिए खंगाली जा रही सीसीटीवी कैमरों की फुटेज
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर । सरगुजा जिला मुख्यालय अंबिकापुर के गोधनपुर चौक के पास रविवार शाम चोरी की दो वारदातें हुई हैं। चोरों ने एक शिक्षक और उसके पड़ोस में रहने वाले व्यवसायी के सूने घर को निशाना बनाते हुए 20 लाख रुपये से अधिक के जेवर और नकदी पार कर दिए। घटना के वक्त दोनों परिवार छठ पर्व मनाने घुनघुट्टा बांध गए थे। तीन घंटे के अंदर चोरों ने दोनों घरों को निशाना बनाया।
रविवार शाम करीब सात बजे जब परिवार सांध्य अर्घ्य देकर घर लौटा, तो कमरे और अलमीरा का ताला टूटा मिला। सूचना पर गांधीनगर थाना पुलिस ने डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
बिखरा पड़ा था घर का सारा सामान
जानकारी के अनुसार, गोधनपुर निवासी मनोज सिंह राजपुर ब्लाक में शिक्षक हैं। वह रविवार शाम करीब चार बजे परिवार के साथ घर पर ताला लगाकर छठ मनाने गए थे। उनके पड़ोसी व्यवसायी संजय प्रसाद भी परिवार के साथ छठ घाट गए हुए थे। दोनों घरों के मुख्य प्रवेश द्वार और अंदर के दरवाजों के ताले तोड़े गए। मनोज सिंह के घर की तीन अलमारियां खंगाली गईं। दो अलमारियों में रखे सोने-चांदी के जेवर और नकदी गायब मिले। घर का सामान बिखरा पड़ा था। संजय प्रसाद के घर की अलमारियां भी टूटी मिलीं और उनमें रखे जेवर व नकदी चोरी हो गए। दोनों ही घरों से 20 लाख से अधिक के गहनों और नकद की चोरी हुई। हालांकि कितने नकद की चोरी हुई है, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है।
छत पर दिखा काला जैकेट पहना संदिग्ध
दोनों परिवारों ने आशंका जताई कि आरोपियों ने पहले दोनों घरों की रेकी की होगी। घर लौटने पर मनोज सिंह के रिश्तेदार के ड्राइवर ने छत पर एक व्यक्ति को देखा था। शोर मचाने पर काला जैकेट पहना युवक छत से कूदकर भागा। लोगों ने पीछा किया, लेकिन वह झाड़ियों और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।