अंबिकापुर में जब मंत्री ने टीआई को लगाया फोन, बोले- मुझे बंधक बना लिया है, छुड़वाइए
अंबिकापुर में लाखों की चोरी के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने और पुलिस पर खर्चा मांगने के आरोप से पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल नाराज हो गए। उन्होंने कोतवाली टीआइ को फोन कर कहा कि 40-50 व्यापारियों ने मुझे बंधक बना लिया है, पुलिस भेजकर छुड़वाइए। बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
Publish Date: Tue, 24 Nov 2026 10:57:15 AM (IST)Updated Date: Tue, 24 Nov 2026 11:01:03 AM (IST)
मंत्री राजेश अग्रवाल।HighLights
- अग्रवाल ट्रेडिंग में लाखों की चोरी के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज थे व्यापारी
- पीड़ित व्यवसायी ने मंत्री से की पुलिस द्वारा पैसे मांगने की शिकायत
- कोतवाली प्रभारी ने कार्रवाई के लिए मांगा दो दिन का समय, वीडियो वायरल
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर। पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने जब कोतवाली टीआइ को फोन कर कहा कि मुझे व्यापारियों ने बांधकर बंधक बना लिया है, छुड़वाने के लिए पुलिस भेजिए, तो वहां मौजूद व्यापारी पहले चौंक गए। हालांकि, उन्हें यह समझने में देर नहीं लगी कि पुलिस की सुस्त कार्यशैली को लेकर मंत्री का यह बयान मजाक नहीं, बल्कि उनकी गहरी नाराजगी है। यह कोई असली बंधक कांड नहीं था, बल्कि लाखों की चोरी के मामले में कार्रवाई न होने से नाराज व्यापारियों के सामने मंत्री का पुलिस को जगाने का अनोखा अंदाज था। मंत्री और टीआइ के बीच हुई इस बातचीत का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
चोरी के आरोपियों पर कार्रवाई न होने से नाराज थे व्यापारी
अंबिकापुर के खरसिया रोड स्थित अग्रवाल ट्रेडिंग से लाखों रुपये की चोरी का आरोप पुराने कर्मचारियों पर लगा है, जिसकी शिकायत थाने में दर्ज है। पीड़ित व्यवसायी ने पहले भी पुलिस अधिकारियों से मिलकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मंत्री राजेश अग्रवाल ने भी पुलिस को घटना में शामिल लोगों को पकड़ने के निर्देश दिए थे, इसके बावजूद आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
पुलिस पर खर्चा लेने का आरोप सुनकर मंत्री ने लगाया फोन
सोमवार रात मंत्री राजेश अग्रवाल अंबिकापुर के अग्रसेन भवन में एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे, जहां बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद थे। चर्चा के दौरान अग्रवाल ट्रेडिंग के संचालक ने मंत्री को बताया कि चोरी के आरोपी अब तक नहीं पकड़े गए हैं। व्यवसायी ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने जो पैसे मांगे थे, वह भी दे दिया गया, फिर भी गिरफ्तारी के लिए कोई पहल नहीं हो रही है। यह सुनकर मंत्री ने तुरंत अंबिकापुर के कोतवाली प्रभारी अखिलेश सिंह को फोन लगा दिया।
टीआइ बोले- दो दिन दीजिए, मंत्री ने कहा- मुझे ही छुड़वाने आ जाइए
फोन पर कोतवाली प्रभारी ने दो दिन का समय मांगते हुए कहा कि पुलिस पूरा प्रयास कर रही है, लेकिन आरोपी पकड़ में नहीं आ रहे हैं। इस पर मंत्री ने नाराजगी जताते हुए व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि चलिए आरोपी पकड़ में नहीं आ रहे तो छोड़ दीजिए, मुझे ही छुड़वाने आ जाइए, क्योंकि 40-50 व्यापारियों ने मुझे बांधकर बंधक बना लिया है।
टीआइ लगातार कहते रहे कि आप उन्हें भरोसा दिलाइए कि दो दिन में परिणाम दिखेगा, लेकिन मंत्री दोहराते रहे कि आप पुलिस भेजिए और मुझे छुड़वाइए। अंत में मंत्री ने दो टूक कहा कि ठीक है, दो दिन बाद क्या कार्रवाई होती है, मुझे फोन कर बताइए। मंत्री के इस तेवर को देख कार्यक्रम में मौजूद व्यापारी भी अवाक रह गए।