
रवि भूतड़ा, नईदुनिया न्यूज, बालोद। जिले के जंगलों में वन्यप्राणियों की मौत और उनका आबादी वाले इलाकों तक पहुंचना वन्यजीव संरक्षण के सामने बड़ी चुनौती बन गया है। वन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2023 से अक्टूबर 2026 तक जिले में कुल 63 वन्यप्राणियों की मौत दर्ज की गई है। इनमें 51 की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई, जबकि 12 वन्यप्राणियों ने सड़क हादसों और अन्य दुर्घटनाओं में अपनी जान गंवाई। इस दौरान वन विभाग की टीम ने तेंदुआ, भालू, चीतल, बंदर, पैंगोलिन और लकड़बग्घे सहित 13 वन्यप्राणियों का सुरक्षित रेस्क्यू भी किया।
वन विभाग के साल दर साल आंकड़ों पर नजर डालें, तो 2023 में सात वन्यप्राणियों की मौत हुई थी, जिनमें पांच प्राकृतिक और दो हादसों के मामले थे। 2024 में 11 वन्यप्राणियों की जान गई, जिनमें सात प्राकृतिक और चार दुर्घटना के शिकार हुए। सबसे चिंताजनक स्थिति वर्ष 2025 में रही, जब 31 वन्यप्राणियों की मौत दर्ज की गई (28 प्राकृतिक और तीन दुर्घटना)। वहीं, अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच 14 वन्यप्राणियों की मौत हो चुकी है, जिनमें 11 प्राकृतिक और तीन हादसों के मामले शामिल हैं।
यह भी पढ़ें- पिक्चर अभी बाकी है... उदयपुर में कबरा हाथी की फिर धमाकेदार एंट्री, स्कूल बंद व थमे पहिये
जंगल से भटककर वन्यजीवों के गांव और खेतों तक पहुंचने के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। वर्ष 2025 में गुरुर वन परिक्षेत्र के ग्राम कंकालीन में मादा तेंदुआ और किसान भानुराम सलाम के खेत में मादा भालू दिखाई दी थी। वर्ष 2026 में बालोद के ग्राम जमगांव में एक तेंदुआ खेत के कुएं में गिर गया, जिसे टीम ने सुरक्षित निकालकर जंगल सफारी भेजा।
यह भी पढ़ें- सरगुजा के गब्बर का खौफ खत्म रे भैया: अब गले में कॉलर आईडी, हर घंटे मिल रही कबरा हाथी की लोकेशन
इसके अलावा गुरुर से मिले लकड़बग्घे को नंदनवन जंगल सफारी नया रायपुर भेजा गया और गुंडरदेही के गुरेदा में बंदरों का रेस्क्यू किया गया। ताजा घटना में तांदुला जलाशय के पर्यावरण पार्क के पास सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे भालू दिखने से अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि भालू एनएच-930 पार कर जंगल में चला गया, क्योंकि इसी दिन सुबह वहां 200 से अधिक स्कूली बच्चों ने पिकनिक मनाई थी।
बालोद डीएफओ अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि सड़क हादसों में वन्यप्राणियों की मौत रोकने के लिए राष्ट्रीय राजमार्गों पर 10 से 15 स्थानों पर एनिमल क्रॉसिंग पॉइंट बनाए जाने चाहिए थे। जंगल से गुजरने वाली सड़कों पर अंडरपास या ओवरपास बेहद जरूरी हैं। एनएच-930 का बड़ा हिस्सा जंगल से गुजरता है, इसलिए यहां विशेष इंतजाम होने चाहिए। उन्होंने बताया कि घायल वन्यजीवों के तुरंत इलाज के लिए जिले में चार पशु चिकित्सक तैनात हैं और जरूरत पड़ने पर जंगल सफारी व मैत्री बाग की वेटरनरी टीम की मदद ली जाती है।
यह भी पढ़ें- बालोद में भालुओं का आतंक, जिले में 30 से अधिक की मौजूदगी; ग्रामीणों को बना रहे निशाना