
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। पटवारियों के अनिश्चितकालीन आंदोलन के समर्थन में बुधवार को कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन प्रदेशभर में आक्रोश रैली निकालेगा। पटवारियों पर की गई दंडात्मक कार्रवाई और उनकी लंबित मांगों के साथ ही शासकीय कर्मचारियों के तीन प्रतिशत महंगाई भत्ते (डीए) का भुगतान नहीं होने से कर्मचारी संगठनों में नाराजगी बढ़ रही है।
फेडरेशन ने प्रदेश के सभी जिला और ब्लॉक मुख्यालयों में रैली निकालकर विरोध दर्ज कराने का निर्णय लिया है। रैली के बाद जिला कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसमें पटवारियों पर की गई कार्रवाई निरस्त करने और उनकी मांगों का जल्द निराकरण करने की मांग की जाएगी।
यह भी पढ़ें- चैतन्य बघेल ने खटखटाया ट्रिब्यूनल का दरवाजा, 61 करोड़ के 355 प्लाटों पर ईडी कार्रवाई को चुनौती
बैठक के बाद लिया गया निर्णय
फेडरेशन की रविवार को हुई आपातकालीन वर्चुअल बैठक में आंदोलन को समर्थन देने का फैसला लिया गया था। फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल वर्मा ने बताया कि पटवारियों के आंदोलन के प्रति शासन का रवैया उचित नहीं है।
प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मुलाकात कर कर्मचारियों की मांगें रखेगा। इसमें तीन प्रतिशत लंबित महंगाई भत्ता देय तिथि से एरियर सहित देने की मांग प्रमुख रहेगी। फेडरेशन ने चेतावनी दी है कि मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर आंदोलन के अगले चरण में एक दिवसीय प्रदेशव्यापी प्रदर्शन किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में अवैध भंडारण पर एक्शन, 34,303 क्विंटल धान-चावल किया जब्त