
नईदुनिया प्रतिनिधि, जगदलपुर। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की ओर से लोक शिक्षण संचालनालय के अंतर्गत व्याख्याता के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए रविवार को आयोजित लिखित परीक्षा बस्तर जिले में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
जगदलपुर शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में बनाए गए 15 परीक्षा केंद्रों में कुल 3,426 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 345 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। जानकारी के अनुसार, परीक्षा के लिए जिले में कुल 3,771 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित की गई। इसमें हिन्दी, अंग्रेजी, संस्कृत, भौतिकी, राजनीति शास्त्र, इतिहास, भूगोल एवं अर्थशास्त्र विषयों के अभ्यर्थी शामिल हुए।
परीक्षा सेंटरों पर हुई कड़ी जांच
कलेक्टर आकाश छिकारा के मार्गदर्शन में परीक्षा के सुचारू एवं व्यवस्थित संचालन के लिए सभी केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की मेटल डिटेक्टर से जांच एवं फ्रिस्किंग के बाद प्रवेश दिया गया।
यह भी पढ़ें- रायपुर में धान खरीदी ने पकड़ी रफ्तार, एक दिन में बिकी 37 हजार क्विंटल; 4972 किसानों ने MSP पर बेची फसल
निर्धारित समय के अनुसार सुबह 9:30 बजे प्रवेश द्वार बंद कर दिए गए। परीक्षा में निर्धारित ड्रेस कोड का पालन अनिवार्य किया गया था। आभूषण, घड़ी, पर्स, बेल्ट एवं इलेक्ट्रानिक उपकरणों को परीक्षा केंद्र के भीतर ले जाने की अनुमति नहीं थी।
परीक्षा केंद्रों में अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था, प्रश्नपत्र वितरण, पहचान पत्र और प्रवेश पत्र के सत्यापन की प्रक्रिया भी निर्धारित समय पर पूरी की गई। सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए नोडल अधिकारी डिप्टी कलेक्टर कृष्ण कुमार जायसवाल, समन्वयक प्राचार्य डा. अनिल श्रीवास्तव एवं सहायक समन्वयक डॉक्टर अजय सिंह ठाकुर सक्रिय रहे। अधिकारियों की निगरानी में परीक्षा का संचालन व्यवस्थित रूप से किया गया।
यह भी पढ़ें- CG के 65,494 परिवार फूंक रहे चूल्हा, 2.49 लाख परिवारों ने कराई e-KYC; 1.84 लाख कनेक्शन हुए जारी