
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। गैस कनेक्शन की उम्मीद में ई-केवाईसी कराई, आवेदन की प्रक्रिया पूरी की और सरकारी घोषणा पर भरोसा भी किया, लेकिन रसोई पर आज भी लकड़ी और उपलों का धुआं उठ रहा है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के नए चरण में हजारों परिवारों की यही स्थिति है।
सरकार ने आवेदन के 15 दिन के भीतर गैस कनेक्शन देने का भरोसा दिया था, लेकिन प्रदेश में ई-केवाईसी पूरी करा चुके 65,494 हितग्राही कनेक्शन के इंतजार में हैं। प्रदेश में 33 जिलों के आंकड़ों के अनुसार 2,49,533 ई-केवाईसी के मुकाबले 1,84,039 कनेक्शन जारी हुए हैं। बिलासपुर में सबसे ज्यादा 10,593, रायपुर में 5,116, बेमेतरा में 4,209 और बलौदाबाजार में 3,912 हितग्राही ई-केवाईसी कराने के बावजूद गैस कनेक्शन से वंचित हैं।
लक्ष्य से ज्यादा ई-केवाइसी, कनेक्शन पीछे
केंद्र सरकार ने प्रदेश में दो लाख 23 हजार नए घरेलू गैस कनेक्शन देने का लक्ष्य रखा था। इसके मुकाबले 2,49,533 हितग्राहियों की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है। यानी लक्ष्य से भी ज्यादा लोगों ने प्रक्रिया पूरी कर ली, लेकिन कनेक्शन केवल 1,84,039 को ही जारी हुए। 45,961 कनेक्शन कम जारी हुए हैं। वहीं ई-केवाईसी करा चुके लोगों और कनेक्शन पाने वालों के बीच 65,494 का अंतर है।
यह भी पढ़ें- राज्य पुलिस को मिले 642 नए आरक्षक, 208 महिला सिपाही शामिल; रायपुर में 76वें बैच की पासिंग आउट परेड
राजधानी में पांच हजार से ज्यादा परिवार कतार में
राजधानी रायपुर में भी सरकारी दावे और जमीनी हकीकत के बीच अंतर दिखाई दे रहा है। यहां 14,441 हितग्राहियों की ई-केवाईसी हुई, लेकिन गैस कनेक्शन केवल 9,325 को मिले। यानी 5,116 परिवार इंतजार में हैं। बिलासपुर में 24,382 के मुकाबले 13,789 और बेमेतरा में 15,187 के मुकाबले 10,978 कनेक्शन जारी किए हैं।
15 दिन का वादा, महीनों का इंतजार
योजना को मंजूरी मिलने के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर खाद्य विभाग ने कनेक्शन वितरण के लिए दिशा-निर्देश जारी किए थे। आवेदन मिलने के 15 दिन के भीतर कनेक्शन देने की बात कही थी। नियद नेल्लानार योजना के आवेदकों को प्राथमिकता देने का भी भरोसा दिया था।
इसके बावजूद हजारों हितग्राहियों को कनेक्शन नहीं मिलना वितरण व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। उज्ज्वला योजना के पहले चरण में प्रदेश में 34,92,221 कनेक्शन जारी किए थे। दूसरे चरण के 1,84,039 कनेक्शन जोड़ने पर यह संख्या 36,76,260 पहुंच गई है। लेकिन नए कनेक्शन की आस लगाए बैठे परिवारों के लिए यह कुल आंकड़ा राहत नहीं है।
यह भी पढ़ें- कागजों में अटकी CG की धार्मिक पर्यटन योजना, 1 हजार KM लंबा कॉरिडोर प्रस्तावित; 5 करोड़ के बजट का प्रावधान
अप्रैल से नए कनेक्शन पर अघोषित रोक
अप्रैल से तेल कंपनियों (आइओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल) ने नए घरेलू और उज्ज्वला गैस कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया रोक रखी है। वितरकों के पास आवेदन जमा हैं, लेकिन पोर्टल पर नए उपभोक्ता नंबर जनरेट नहीं हो रहे हैं। रायपुर खाद्य विभाग के अनुसार, स्थानीय स्तर पर सिलिंडर और रेगुलेटर का पर्याप्त स्टाक होने के बावजूद नए कनेक्शन शुरू करने के संबंध में शासन या मंत्रालय से दिशा-निर्देश नहीं मिले हैं। मौजूदा उपभोक्ताओं को गैस रिफिल की निर्बाध आपूर्ति प्राथमिकता देने और गैस की आपूर्ति में अस्थिरता को इसकी वजह बताया जा रहा है। नए हितग्राही सात-आठ महीने से इंतजार कर रहे हैं।
नए चरण का लक्ष्य : 2,23,000 कनेक्शन
ई-केवाईसी : 2,49,533
जारी कनेक्शन : 1,84,039
ई-केवाईसी के बाद भी प्रतीक्षारत : 65,494
लक्ष्य से कम जारी कनेक्शन : 45,961
रायपुर में प्रतीक्षारत हितग्राही : 5,116
पहले चरण के कनेक्शन : 34,92,221
इस प्रकार है जिलावार स्थिति
क्र. जिला - ई-केवाईसी- जारी कनेक्शन - लंबित हितग्राही
1 बिलासपुर - 24,382 - 13,789 - 10,593
2 रायपुर -14,441 - 9,325 - 5,116
3 बेमेतरा - 15,187 -10,978 - 4,209
4 बलौदाबाजार - 21,707 - 17,795 - 3,912
5 सूरजपुर - 9,072 - 5,261 - 3,811
6 महासमुंद - 9,608 -6,892 - 2,716
7 कबीरधाम -11,358 - 8,718 - 2,640
8 बालोद - 9,806 - 7,394 - 2,412
9 जशपुर - 14,560 -12,254 - 2,306
10 खैरागढ़-छुईखदान-गंडई 4,307 - 2,114 - 2,193
11 कोरबा - 7,407 - 5,431 -1,976
12 मुंगेली - 6,047 - 4,117 - 1,930
13 रायगढ़ - 9,719 - 7,794 - 1,925
14 राजनांदगांव - 9,218 - 7,296 - 1,922
15 दुर्ग - 10,195 - 8,333 - 1,862
प्रमुख तथ्य...
बिलासपुर में सबसे ज्यादा 10,593 हितग्राही कनेक्शन के इंतजार में हैं।
रायपुर दूसरे स्थान पर है, जहां 5,116 कनेक्शन लंबित हैं।
बिलासपुर और रायपुर में मिलाकर 15,709 हितग्राहियों को कनेक्शन नहीं मिला।
प्रदेश के कुल 65,494 लंबित हितग्राहियों में इन दोनों जिलों की हिस्सेदारी करीब 24 प्रतिशत है।
यह भी पढ़ें- रायपुर में धान खरीदी ने पकड़ी रफ्तार, एक दिन में बिकी 37 हजार क्विंटल; 4972 किसानों ने MSP पर बेची फसल