
अनिमेष पाल, जगदलपुर: सुबह का वक्त था। घर के आंगन में दो गायें बंधी थीं। मोहम्मद अफजल नगरीया दूध दुहते और परिवार की जरूरत पूरी होने के बाद बचा दूध बेचने निकल पड़ते। वर्ष 1977 में शुरू हुई यह छोटी-सी पहल परिवार को शुद्ध दूध उपलब्ध कराने के लिए थी। लेकिन इसी से बस्तर में 30 करोड़ रुपये से अधिक के कारोबार की नींव पड़ी।
अफजल की पहल को उनके भतीजे मो. इमरान और मो. गुलजार ने आगे बढ़ाया। दोनों भाइयों ने चाचा की डेयरी को आधुनिक उद्योग और बस्तर डेयरी फार्म (बीडीएफ) ब्रांड में बदल दिया। अब कारोबार बस्तर के सात जिलों तक फैल चुका है और कंपनी इसे पूरे प्रदेश में विस्तार देने पर काम कर रही है।
इस कहानी की जड़ें गुजरात के राजकोट जिले के धोराजी में हैं। वर्ष 1944-45 में युसुफ जान मोहम्मद नगरिया का परिवार बस्तर आकर बस गया। गुजरात में दूध-खिचड़ी खाने की परंपरा थी, जबकि उस समय बस्तर में शुद्ध दूध मिलना मुश्किल था। इसी जरूरत के चलते युसुफ के मझले बेटे अफजल ने दो गायें पालीं। मांग बढ़ने पर गायों की संख्या 10 हो गई। परिवार के विरोध के बावजूद उन्होंने 1984 में आड़ावाल में जमीन लेकर डेयरी को व्यवसाय बनाया। वर्ष 2005 तक वहां 200 गायें हो गई थीं।
बढ़ती उम्र और करीब 16 लाख रुपये के कर्ज के बीच अफजल के लिए डेयरी संभालना मुश्किल होने लगा। बचपन से उनके साथ डेयरी जाने वाले गुलजार और इमरान ने जिम्मेदारी उठाई। दोनों ने करीब 10 लाख रुपये देकर कारोबार अपने हाथ में लिया और कर्ज चुकाने का जिम्मा भी संभाला साथ ही दोनों ने इसे बड़े उद्यम में बदलने की ठानी।
दूध की बढ़ती जरूरत पूरी करने के लिए दोनों भाइयों ने ओडिशा के उमरकोट के बंगाली परिवारों से संपर्क किया। वर्ष 2010 में वहां और 2013 में रायगढ़ा में चिलिंग प्लांट लगाए। आपूर्ति ढाई हजार लीटर प्रतिदिन से अधिक हुई तो अपना ब्रांड बनाने की तैयारी की। 2015 में बोरपदर में बैंक ऋण से 10 हजार लीटर क्षमता की प्रसंस्करण इकाई शुरू की। माओवादी हिंसा के दौर में तकनीशियन बस्तर आने से कतराते थे, लेकिन तब भी दोनों ने विस्तार का काम नहीं रोका।
अमूल, देवभोग और सांची जैसे स्थापित ब्रांडों के बीच बाजार में जगह बनाना चुनौती थी। दुकानदार नया उत्पाद रखने से हिचकते थे। हैदराबाद की मस्कटी डेयरी के माडल से प्रेरित होकर भाइयों ने 2016 में पांच आउटलेट खोले। दुकान और मशीनों का खर्च कंपनी उठाती थी और संचालकों को बिक्री पर कमीशन मिलता था। आज सात जिलों में बीडीएफ के 45 आउटलेट हैं। दूध के साथ पनीर, घी, दही और लस्सी भी ब्रांड के उत्पाद हैं।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ सचिवालय सेवा के तीन उप सचिवों के विभाग बदले, रोमेश गंगाकचूर को धार्मिक न्यास विभाग की जिम्मेदारी
बीडीएफ के सहकारिता माडल से एक हजार से अधिक पशुपालक जुड़े हैं, जबकि करीब 200 तकनीशियन और कर्मचारी सीधे रोजगार पा रहे हैं। प्रदेश सरकार की योजना के तहत 40 प्रतिशत सब्सिडी लेकर भाइयों ने छोटेदेवड़ा में 13 करोड़ रुपये की लागत से प्रतिदिन 50 हजार लीटर क्षमता का प्लांट स्थापित किया। जून 2026 में शुरू हुई इस इकाई में फिलहाल रोजाना 15 हजार लीटर तक दूध का प्रसंस्करण हो रहा है, जिसे बढ़ाने पर काम कर रहे हैं। कंपनी का सालाना टर्नओवर 30 करोड़ रुपये पार कर चुका है।
यह भी पढ़ें- रायपुर शासकीय आयुर्वेदिक कॉलेज के छात्रों की स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग, गुरुवार को गांधी चौक तक निकालेंगे पैदल मार्च
श्वेत क्रांति के जनक डा. वर्गीज कुरियन की जयंती 26 नवंबर को राष्ट्रीय दुग्ध दिवस मनाया जाता है। इसकी शुरुआत वर्ष 2014 में हुई थी।