राहुल की नकल कर रही भाजपा, भाजपा सरकार में लोकतंत्र खतरे में कैसे : लखमा
कोंटा विधायक कवासी लखमा ने भाजपा के 'लोकतंत्र बचाओ' अभियान को राहुल गांधी की राजनीतिक शैली की नकल करार दिया है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब केंद्र और राज्य दोनों जगह भाजपा की सरकार है, तो आखिर लोकतंत्र खतरे में कैसे हो सकता है।
Publish Date: Mon, 16 Nov 2026 02:16:29 PM (IST)Updated Date: Mon, 16 Nov 2026 02:16:29 PM (IST)
पूर्व मंत्री एवं कोंटा विधायक कवासी लखमा ने भाजपा पर कसा तंज। फाइल फोटोHighLights
- भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान पर लखमा का तंज
- भाजपा के अभियान को बताया राहुल गांधी की राजनीतिक शैली की नकल
- पूर्व मंत्री बोले- जनता का ध्यान भटकाने के लिए भाजपा चला रही अभियान
नईदुनिया प्रतिनिधि, जगदलपुर । भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान पर पूर्व मंत्री और सुकमा जिले से कोंटा विधायक कवासी लखमा ने तंज कसते हुए इसे राहुल गांधी की नकल बताया है। साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि जब केंद्र से लेकर छत्तीसगढ़ तक भाजपा की सरकार है, तो फिर लोकतंत्र खतरे में कैसे है? नगर पालिका और नगर पंचायतों में भी भाजपा की सत्ता है। सरकार चलाने से लेकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी भाजपा की है। इसके बावजूद लोकतंत्र बचाने के नाम पर रैलियां निकालने का औचित्य क्या है।
जनता को गुमराह करने का लगाया आरोप
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा महंगाई, बेरोजगारी और मूलभूत सुविधाओं के सवालों पर जवाब देने के बजाय संविधान और लोकतंत्र के नाम पर राजनीतिक अभियान चला रही है। लोगों की समस्याएं दूर करने के बजाय उन्हें गुमराह किया जा रहा है। लखमा ने भाजपा के इस अभियान को जनता के मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश बताया। लखमा ने कहा कि राहुल गांधी देशभर में भाजपा की नीतियों के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। अब भाजपा भी उन्हीं की राह पर चलकर लोकतंत्र बचाने का अभियान चला रही है। लखमा के इस बयान ने प्रदेश की राजनीति में राष्ट्रीय मुद्दे को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
राहुल के मुद्दों पर भाजपा का पलटवार
दरअसल, राहुल गांधी लगातार चुनाव प्रक्रिया, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) और कथित वोट चोरी के मुद्दे पर केंद्र सरकार तथा निर्वाचन आयोग को घेर रहे हैं। 14 नवंबर को हैदराबाद में भारत समिट के दौरान भी उन्होंने देश में लोकतंत्र की स्थिति पर सवाल उठाए थे। इसके जवाब में भाजपा ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के जरिए विपक्ष के आरोपों का जवाब जनता के बीच पहुंचाने की रणनीति बनाई है। पार्टी पदयात्राओं, जनसभाओं और युवाओं के बीच संवाद के जरिए राहुल गांधी के आरोपों को चुनौती दे रही है। ऐसे में लखमा ने भाजपा के इसी अभियान को राहुल गांधी की राजनीतिक शैली की नकल करार दिया है।
शराब मामले में जमानत के बाद मलकानगिरी में ठिकाना
लखमा खुद भी इन दिनों राजनीतिक और कानूनी चुनौतियों के बीच हैं। कथित शराब घोटाले में ईडी ने उन्हें 15 जनवरी 2025 को गिरफ्तार किया था। करीब एक साल जेल में रहने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने 3 फरवरी 2026 को उन्हें अंतरिम जमानत दी। अदालत ने छत्तीसगढ़ में प्रवेश नहीं करने की शर्त रखी है। इसके बाद उन्होंने ओडिशा के मलकानगिरी में अस्थायी ठिकाना बनाया। शराब मामले में जांच एजेंसियों की कार्रवाई जारी है और लखमा अपने ऊपर लगे आरोपों को नकारते रहे हैं।