
नईदुनिया न्यूज, बेमेतरा। लगभग 20 दिनों के अंतराल में चक्रवाती तूफानों (अर्णब, मुरासू और अकवान) की हैट्रिक निश्चित रूप से किसानों की दशा और दिशा बिगाड़ने के लिए पर्याप्त है। इसी तरह के हालात इन दिनों जिले में देखने को मिल रहे हैं, जहां दो दिन पहले हुई लगातार बारिश और रविवार को भी मौसम के बिगड़े मिजाज तथा कहीं-कहीं बारिश के बने हालात ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है।
किसान जैसे-तैसे अपनी फसल को बचाने के लिए खेतों में गिरी हुई फसलों के बीच से पानी निकालने के लिए नालियां बना रहे हैं, ताकि खेतों में पानी का जमाव न हो और फसल सुरक्षित रह सके। किंतु इन तमाम प्रयासों के बावजूद किसानों को सफलता नहीं मिल पा रही है। लगातार बारिश के चलते धान की बालियां अब जमीन पर लोटने लगी हैं। कुछ जगहों पर किसानों ने यह भी कहा कि अब धान की बालियों में भी अंकुरण की स्थिति बनने लगी है।
काले पड़ रहे धान के दाने
लंबे समय से खेतों में फसल के गिर जाने और धान की बालियों के जमीन के संपर्क में आने के चलते न केवल धान की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है, बल्कि धान के दाने भी अब काले पड़ने लगे हैं। ऐसी स्थिति में किसानों को समितियों में धान बेचने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा, क्योंकि समितियों में उच्च गुणवत्ता वाले धान की मांग की जाती है। ऐसे में किसान अपनी फसल की गुणवत्ता बचाने में असहाय नजर आ रहे हैं।
फसलों को समय पर काटना किसानों के लिए चुनौती
धान की फसल लगभग पूरी तरह तैयार हो चुकी है और कटाई की स्थिति में आ गई थी। ऐसी स्थिति में बारिश के चलते किसान न तो धान की कटाई कर पा रहे हैं और न ही खेतों तक हार्वेस्टर पहुंच पा रहा है। ऐसे में फसल की कटाई के लिए किसानों को काफी लंबे समय तक इंतजार करना पड़ सकता है।
धान खरीदी भी हो रही है प्रभावित
राज्य सरकार द्वारा 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी शुरू कर दी गई है, किंतु वर्तमान हालात के चलते समितियों में किसान अपनी उपज ला ही नहीं पा रहे हैं, जिसके चलते धान खरीदी भी प्रभावित हो रही है। किसानों द्वारा टोकन कटवाने के बावजूद फसल तैयार नहीं हो पाने के कारण वे अपनी उपज समितियों में नहीं ला पा रहे हैं।
किसानों को अब इस बात की भी चिंता सताने लगी है कि उनके टोकन निरस्त हो जाने के बाद वे अपनी फसल कैसे बेच पाएंगे। रविवार को भी कहीं-कहीं बूंदाबांदी के हालात बने रहे, जिसके चलते किसानों की रही-सही उम्मीद भी अब लगभग खत्म होती नजर आ रही है।
यह भी पढ़ें- एमपी में बिजली नेटवर्क सुधारने को मिले 1500 करोड़, पर खर्च हुए महज 96.85 करोड़, नए उपकेंद्रों का काम अटका
चक्रवाती तूफान के रबी फसल पर दुष्प्रभाव
चक्रवाती तूफान के चलते वर्तमान में किसान धान की फसल को बचाने के लिए मशक्कत करने में लगे हुए हैं। इसके साथ ही किसानों को इस बात की भी चिंता सताने लगी है कि यदि समय पर धान की फसल की कटाई नहीं हो पाई और खेत नहीं सूख पाए, तो इसका विपरीत असर रबी फसल की बुवाई पर भी पड़ेगा और रबी फसल की बुवाई में देरी होगी।
ऐसी स्थिति में जिले में रबी फसल का रकबा काफी कम भी हो सकता है। परिणामस्वरूप किसानों को जहां धान की फसल से नुकसान उठाना पड़ेगा, वहीं दूसरी ओर रबी फसल पर भी इसका विपरीत असर झेलना होगा।
यह भी पढ़ें- एमपी से राजस्थान तक के स्टेशनों पर सीधी नजर, 70 से अधिक वीडियो सर्विलांस से जुड़े; 24 घंटे रहेगी निगरानी