
नईदुनिया न्यूज, नवागढ़। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कृषक उन्नति योजना के तहत प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान बेचने की अनिवार्यता समाप्त कर किसानों को राहत दी है। अब कम उत्पादन होने पर भी किसानों को योजना की पूरी निर्धारित आदान सहायता राशि मिलेगी।
एक एकड़ में धान उगाने वाला किसान यदि केवल 15 क्विंटल धान बेचता है, तो उसे बेचे गए धान का समर्थन मूल्य 2,441 रुपए प्रति क्विंटल मिलेगा। इसके अलावा, 21 क्विंटल के निर्धारित मान और 659 रुपए प्रति क्विंटल के अंतर के आधार पर उसे 13,839 रुपए की पूरी आदान सहायता राशि भी मिलेगी।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में आज से धान खरीदी शुरू, 3.50 लाख से अधिक टोकन जारी; 3100 उपार्जन केन्द्र बनाए
जिलाध्यक्ष, भाजपा किसान मोर्चा ठाकुर युवराज सिंह ने कहा है कि यह फैसला कम वर्षा, सिंचाई की कमी या अन्य कारणों से कम फसल पाने वाले किसानों को आर्थिक सुरक्षा देगा।
इससे बिचौलियों की अनावश्यक गतिविधियों पर भी अंकुश लगने की उम्मीद है। ठाकुर युवराज सिंह ने मुख्यमंत्री और राज्य सरकार के प्रति किसानों की ओर से आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय किसानों की वास्तविक परिस्थितियों को समझकर लिया गया है।
यह भी पढ़ें- छोटे ठेकेदार से 1200 करोड़ का मैनेजर बना विकास, शराब कारोबार के पार्ट A, B और C की रखता था वसूली