
नईदुनिया न्यूज, बेमेतरा। कृषि प्रधान जिला बेमेतरा में धान खरीदी किसानों के लिए खास अहमियत रखती है और किसानों को इसके शुरू होने का इंतजार रहता है। जिले में राज्य शासन द्वारा स्वीकृत कुल 159 उपार्जन केंद्रों में से अब तक 156 केंद्रों में ही धान खरीदी शुरू हो पाई है।
तीन उपार्जन केंद्र ऐसे हैं, जहां अब तक खरीदी शुरू ही नहीं हुई है। इनमें खाद्य मंत्री के विधानसभा क्षेत्र के ग्राम ढनढनी के साथ ही गागपुर और किरतपुर केंद्र शामिल हैं।
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के नोडल कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, जिले में 1940 किसानों को 95,382 क्विंटल धान का टोकन आवंटित किया गया था। इनमें से 1719 किसान धान बेचने समिति पहुंचे और उनसे 79,344 क्विंटल धान की खरीदी की गई।
जिले में अब तक 6038 किसानों से 2,93,746 क्विंटल धान की खरीदी हो चुकी है। टोकन कटने के बाद भी कई किसान धान बेचने नहीं पहुंच रहे हैं।
इसकी मुख्य वजह मौसम का बिगड़ा मिजाज और चक्रवाती तूफान के बाद हुई बारिश बताई जा रही है। शुरुआती दिनों में टोकन तो कट गए, लेकिन समय पर धान की कटाई नहीं हो पाने से किसान उपज समिति तक नहीं ला पा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- रायपुर एयरपोर्ट की तीन गुना बढ़ेगी परिचालन क्षमता, अब एक रनवे से प्रति घंटे 35 उड़ानों की तैयारी
मजगांव समिति में किसान नंदकुमार के धान का नहीं हुआ निराकरण
एक दिन पहले ग्राम मजगांव के कृषक नंदकुमार ने समिति द्वारा धान नहीं लिए जाने से नाराज होकर सड़क पर बैठकर यातायात बाधित कर दिया था।
धान की जांच के लिए नोडल कार्यालय से नोडल अधिकारी सहित जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया। जांच के बाद अधिकारियों का कहना है कि धान में नमी की मात्रा अधिक है, लेकिन किसान का धान अब भी समिति में रखा हुआ है।
किसान अपनी जिद पर अड़ा है कि उसका धान समिति में खरीदा जाए। उसका आरोप है कि समिति में खरीदे गए पूरे धान की जांच की जाए तो उसमें भी गुणवत्ता विहीन और मिट्टी युक्त धान की खरीदी हुई है। जिले के लिए ही नहीं, बल्कि प्रदेश के लिए यह पहली घटना होगी, जब किसान धान बेचने के लिए यातायात बाधित कर सड़क पर बैठा हो।
यह भी पढ़ें- सीजी उच्च शिक्षा में होगा बदलाव, 30 कॉलेज बनेंगे सेंटर ऑफ एक्सीलेंस; 1.40 लाख छात्रों को अनिवार्य इंटर्नशिप