
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 30 महाविद्यालयों को शिक्षण व अनुसंधान के उत्कृष्टता केंद्र (सेंटर आफ एक्सीलेंस) के रूप में विकसित करेंगे। इनमें आधुनिक प्रयोगशालाएं, उन्नत पुस्तकालय, स्मार्ट क्लासरूम सहित आवश्यक शैक्षणिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
दो वर्षों में डिजिटलीकरण व अन्य निर्माण कार्यों के लिए प्रति महाविद्यालय 10 करोड़ रुपये की मांग प्रस्तावित है। बैठक में उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा भी उपस्थित रहे।
बैठक में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के क्रियान्वयन, उच्च शिक्षा मिशन, उत्कृष्टता केंद्रों की स्थापना, रोजगारपरक शिक्षा, इंटर्नशिप नीति, रिक्त पदों पर भर्ती, डिजिटल नवाचार तथा महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में अधोसंरचना विकास की प्रगति की समीक्षा की गई।
उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि प्रदेश में उच्च शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के साथ विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए शिक्षा को व्यावहारिक ज्ञान, कौशल और रोजगार से जोड़ा जा रहा है। युवाओं को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराएंगे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा के साथ कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उच्च शिक्षण संस्थानों को ज्ञान, अनुसंधान, नवाचार और उद्यमिता के केंद्र के रूप में विकसित किया जाए।
जनजातीय व दूरस्थ अंचलों के विद्यार्थियों को भी आधुनिक शिक्षा और तकनीकी सुविधाओं का समान अवसर मिले, यह सुनिश्चित किया जाए।
उच्च शिक्षा मिशन के लिए 50 करोड़ रुपये का प्रावाधान
छत्तीसगढ़ उच्च शिक्षा मिशन के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में 50 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। वर्तमान में प्रदेश का सकल नामांकन अनुपात 24.5 प्रतिशत है। जबकि राष्ट्रीय स्तर पर यह 30 प्रतिशत है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप वर्ष 2035 तक इसे 50 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ सचिवालय सेवा के तीन उप सचिवों के विभाग बदले, रोमेश गंगाकचूर को धार्मिक न्यास विभाग की जिम्मेदारी
1.40 लाख विद्यार्थियों को मिलेगा व्यावहारिक कार्यानुभव
राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप तैयार इंटर्नशिप संचालन नीति-2026 को राज्यपाल की स्वीकृति मिल चुकी है। लगभग एक लाख 40 हजार स्नातक विद्यार्थियों को दो क्रेडिट की 60 घंटे की अनिवार्य इंटर्नशिप से जोड़ने की तैयारी है। विश्वविद्यालयों व महाविद्यालयों में इंटर्नशिप सेल बनाए जा रहे हैं।
जनजातीय अंचलों के विद्यार्थियों में विकसित हो रहा अंग्रेजी संप्रेषण कौशल
प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों के 148 शासकीय महाविद्यालयों में 90 घंटे का कम्युनिकेटिव इंग्लिश कोर्स संचालित हो रहा है, जिसमें 10 हजार विद्यार्थी नामांकित हैं। उच्च शिक्षा में एआइ के उपयोग को बढ़ावा देने उच्च शिक्षा विभाग और गूगल फार एजुकेशन में समझौता किया है। प्रथम चरण में रायपुर जिले के 22 महाविद्यालयों के 500 से अधिक प्राध्यापकों तथा उच्च शिक्षा संचालनालय के 50 से अधिक अधिकारियों व कर्मचारियों को एआई का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में 10 नगर निगमों का बढ़ेगा दायरा, अब गांव बनेंगे शहर; नगरीय प्रशासन ने मांगा ब्योरा
1,295 पदों पर भर्ती की पहल, 362 सहायक प्राध्यापकों को मिली पदोन्नति
प्रदेश के शासकीय महाविद्यालयों में प्राध्यापक के 595 पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया लोक सेवा आयोग में प्रक्रियाधीन है। इसके अतिरिक्त 15 विषयों के सहायक प्राध्यापक के 625 पदों, ग्रंथपाल के 50 तथा क्रीड़ा अधिकारी के 25 पदों सहित 700 पदों पर सीधी भर्ती का प्रस्ताव आयोग को भेजा है।
विगत वर्षों से 362 सहायक प्राध्यापकों को प्राध्यापक पद पर पदोन्नति दी है। दिसंबर में 143 पात्र सहायक प्राध्यापकों की पदोन्नति का प्रस्ताव भेजेंगे। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में अध्ययन-अध्यापन सुचारू रखने 3,236 अतिथि व्याख्याताओं की व्यवस्था की है। तीन वर्षों में 398 अराजपत्रित कर्मचारियों को पदोन्नति दी गई है।
विश्वविद्यालयों में नए विभागों और पाठ्यक्रमों के संचालन की तैयारी अटल बिहारी वाजपेयी विवि बिलासपुर में 23 नवीन विभागों व पाठ्यक्रमों की स्थापना के लिए 280 शैक्षणिक व अशैक्षणिक पदों के सृजन का प्रस्ताव तैयार किया है।
इसके लिए 38.50 करोड़ रुपये का प्रस्ताव है। इसी प्रकार शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय रायगढ़ में 49 नवीन शैक्षणिक पदों तथा संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय सरगुजा में बी.फार्मा व एम.फार्मा पाठ्यक्रम प्रारंभ करने के लिए 49 पदों के सृजन का प्रस्ताव तैयार किया है। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर में भी 17 नवीन शैक्षणिक पदों की स्वीकृति का प्रस्ताव है।
यह भी पढ़ें- रायपुर एयरपोर्ट की तीन गुना बढ़ेगी परिचालन क्षमता, अब एक रनवे से प्रति घंटे 35 उड़ानों की तैयारी