
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिलाई। शहर के भिलाई निवास के सामने स्थित साइकिल पोलो ग्राउंड में अभ्यास करने पहुंचे खिलाड़ियों के 13 मोबाइल फोन चोरी हो गए। खिलाड़ियों ने अपने सभी मोबाइल एक स्कूटी की डिक्की में सुरक्षित रखे थे, लेकिन अभ्यास खत्म होने के बाद डिक्की खोलने पर सभी फोन गायब मिले। एक साथ 13 मोबाइल चोरी होने की घटना से खिलाड़ी बेहद परेशान हैं। सोमवार को हुई इस घटना की शिकायत भिलाई नगर थाने में दर्ज कराई गई है।
जानकारी के मुताबिक, जयंती स्टेडियम बंद होने के कारण इन दिनों खिलाड़ी भिलाई निवास ग्राउंड में अभ्यास कर रहे हैं। रोजाना की तरह खिलाड़ी अभ्यास के लिए पहुंचे थे और अपने मोबाइल फोन एक स्कूटी की डिक्की में रखकर मैदान में चले गए। अभ्यास समाप्त होने के बाद जब वे वापस लौटे और डिक्की खोली, तो उसमें रखे सभी 13 एंड्रॉयड मोबाइल गायब थे। खिलाड़ियों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला।
यह भी पढ़ें- CG Liquor Scam: दुबई से भारत लाया जाएगा विकास अग्रवाल, रवाना होगी विशेष टीम
खिलाड़ियों ने बताया कि चोरी हुए मोबाइल फोन में केवल संपर्क नंबर ही नहीं, बल्कि प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रवेश पत्र, जरूरी दस्तावेज और पढ़ाई से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी मौजूद थीं। इनमें से कई खिलाड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, जबकि अन्य आगामी एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं के लिए नियमित अभ्यास में जुटे हैं। घटना के समय खिलाड़ियों को निश्शुल्क प्रशिक्षण देने वाले भिलाई विद्यालय सेक्टर-2 के सेवानिवृत्त शिक्षक आर. सुनील कुमार भी मौजूद थे।
घटना के बाद खिलाड़ियों का समूह कोच के साथ भिलाई नगर थाने पहुंचा और लिखित शिकायत दर्ज कराई। खिलाड़ियों और कोच ने पुलिस तथा क्राइम ब्रांच से मामले की गंभीरता से जांच कर चोरी हुए सभी मोबाइल जल्द बरामद करने की मांग की है।
यह भी पढ़ें- बालोद में तीन साल में 63 वन्यप्राणियों की मौत, जंगल से खेत और आबादी तक पहुंच रहे वन्यजीव