
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। छत्तीसगढ़ के कथित 3,200 करोड़ रुपये के शराब घोटाला मामले में जांच एजेंसी एसीबी और ईओडब्ल्यू को बड़ी कामयाबी मिली है। मामले में लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू (शिब्बू) को 13 नवंबर को दुबई में गिरफ्तार किए जाने के बाद अब उसे भारत लाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। यूएई सरकार द्वारा उसे भारत डिपोर्ट किया जा रहा है और अगले एक हफ्ते के भीतर उसे रायपुर लाने की तैयारी है।
विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक, दुबई में पकड़े गए विकास अग्रवाल को भारत लाने के लिए एसीबी-ईओडब्ल्यू प्रमुख समेत तीन डीएसपी स्तर के अधिकारियों की विशेष टीम जल्द ही यूएई रवाना होगी। टीम के विदेश दौरे और प्रत्यर्पण से जुड़े सभी जरूरी कानूनी दस्तावेज तैयार कर लिए गए हैं। जांच एजेंसी का मानना है कि सुब्बू को रायपुर लाकर पूछताछ करने से घोटाले के अवैध पैसों के लेन-देन और अंतिम लाभार्थियों के कई बड़े राज खुलेंगे।
यह भी पढ़ें- छोटे ठेकेदार से 1200 करोड़ का मैनेजर बना विकास, शराब कारोबार के पार्ट A, B और C की रखता था वसूली
ईडी और ईओडब्ल्यू की जांच के अनुसार, विकास अग्रवाल की कहानी एक छोटे ठेकेदार से शुरू होकर करीब 1,200 करोड़ रुपये के कथित सिंडिकेट मैनेजर बनने तक पहुंचती है। वर्ष 2014-15 में वह नाली और सड़क निर्माण के छोटे ठेके लेता था। कांग्रेस सरकार बनने के बाद होटल कारोबारी अनवर ढेबर से उसकी नजदीकी बढ़ी और सिंडिकेट के जरिए उसकी पहुंच तत्कालीन आबकारी मंत्री कवासी लखमा के बंगले तक बन गई। आरोप है कि डिस्टिलरी संचालकों और एफएल-10ए (FL-10A) लाइसेंस धारकों से कमीशन वसूली तथा शराब कारोबार के पार्ट ए, बी और सी से होने वाली अवैध कमाई का पूरा हिसाब सुब्बू ही रखता था।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ शराब घोटाले का मुख्य आरोपी दुबई से गिरफ्तार, 3200 करोड़ की हेराफेरी की खुलेंगी परतें
जांच एजेंसी के मुताबिक, वसूली की नकदी बोरियों और कार्टून में भरकर रखी जाती थी। नकदी छिपाने के लिए ही रायपुर के शंकरनगर स्थित पाम बेलाजियो सोसाइटी में दो फ्लैट खरीदे गए थे। तीन मई को बिलासपुर में उसके भाई कारोबारी विवेक अग्रवाल के घर हुई तलाशी में ईडी को बड़ी मात्रा में सोना, चांदी और नकदी मिली थी, जिसे विकास द्वारा छिपाकर रखने का आरोप है। सुब्बू ने वसूली की रकम से करीब 1,200 करोड़ रुपये हवाला के जरिए दुबई पहुंचाए और जुलाई 2022 में मुंबई के रास्ते विदेश भाग गया था। बाद में उसने अपने परिवार को भी यूएई बुला लिया था।
यह भी पढ़ें- चैतन्य बघेल ने सुनाई जेल की आपबीती, 'पीने के पानी में कीड़े; ये 170 दिन किसी बुरे सपने से कम नहीं थे'
महादेव सट्टा मामले में सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी और रवि उप्पल पर शिकंजा कसने के बाद विदेश में छिपे आर्थिक अपराध के आरोपियों पर यह तीसरी बड़ी कार्रवाई है। गौरतलब है कि शराब घोटाला मामले में केके श्रीवास्तव को छोड़कर शेष सभी प्रमुख आरोपी फिलहाल जमानत पर बाहर हैं। इनमें तत्कालीन आबकारी मंत्री कवासी लखमा, सौम्या चौरसिया, पूर्व आइएएस अनिल टुटेजा, निरंजन दास, एपी त्रिपाठी, अनवर ढेबर, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुत्र चैतन्य बघेल और रामगोपाल अग्रवाल सहित अन्य नाम शामिल हैं।