
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिलाई। प्रदेश सरकार के तकनीकी शिक्षा विभाग ने राज्य के बाहर मान्यता प्राप्त तकनीकी संस्थानों में बीई और बीटेक की पढ़ाई कर रहे यहां के विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत छात्रवृत्ति आवेदन आमंत्रित किए हैं। योजना के अंतर्गत मेरिट के आधार पर आठ नवीन छात्रवृत्तियां दी जाएंगी। चयनित विद्यार्थियों को प्रतिमाह 2,000 रुपये की दर से 10 माह का कुल 20,000 रुपये वार्षिक छात्रवृत्ति दी जाएगी। आवेदन 30 तारीख तक किए जा सकते हैं।
यह छात्रवृत्ति छत्तीसगढ़ शासन, तकनीकी शिक्षा विभाग की अधिसूचना और राजपत्र में प्रकाशित नियमों के तहत दी जाएगी। इसके लिए छत्तीसगढ़ के स्थानीय निवासी विद्यार्थी पात्र होंगे, जो दूसरे राज्यों के भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आइआइटी), राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआइटी), भारतीय विज्ञान संस्थान और अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआइसीटीई) से मान्यता प्राप्त अन्य उच्च तकनीकी संस्थानों में बीई या बीटेक पाठ्यक्रम के पहले वर्ष में पढ़ रहे हैं।
यह भी पढ़ें- साढ़े तीन करोड़ की फाइलों पर अदृश्य दीमक, बिलासपुर में प्रधानमंत्री रोजगार योजना की प्रगति शून्य
छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को कक्षा 12वीं की परीक्षा में कम से कम 60 प्रतिशत अंक लाना जरूरी है। इसके साथ ही आवेदक के पास सक्षम अधिकारी द्वारा जारी छत्तीसगढ़ राज्य का मूल निवास प्रमाण पत्र होना चाहिए। इच्छुक विद्यार्थी आवेदन फॉर्म संचालनालय नवा रायपुर से निःशुल्क ले सकते हैं या विभाग की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें- पीएम स्वनिधि योजना में छत्तीसगढ़ का परचम, फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में देश में अव्वल; मिले पांच पुरस्कार
पात्रता और मेरिट के आधार पर संचालनालय तकनीकी शिक्षा, रायपुर द्वारा नई छात्रवृत्ति मंजूर की जाएगी। छात्रवृत्ति की राशि साल के अंत में संचालनालय द्वारा संबंधित संस्थान प्रमुख को भेजी जाएगी। संस्थान प्रमुख द्वारा तय शर्तें पूरी होने पर विद्यार्थियों को 20 हजार रुपये का भुगतान किया जाएगा।