नईदुनिया प्रतिनिधि, भिलाई। कमीशन के लालच में अपना और दूसरों का बैंक खाता साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराने वाले 14 आरोपितों को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित पांच हजार से 15 हजार रुपये तक लेकर बैंक खातों के साथ पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और पंजीकृत मोबाइल सिम कार्ड उपलब्ध कराते थे।
इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी से प्राप्त रकम के लेन-देन और उसे अलग-अलग खातों में स्थानांतरित कर छिपाने के लिए किया जा रहा था।
पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर साइबर अपराधों में इस्तेमाल होने वाले म्यूल बैंक खातों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना जामुल, पद्मनाभपुर और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। तकनीकी साक्ष्यों, बैंक खातों के लेन-देन के विश्लेषण और विवेचना के आधार पर आरोपितों की पहचान की गई।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, जामुल थाना क्षेत्र में तीन खाता धारकों,पद्मनाभपुर में नौ खाताधारकों और दो एजेंटों सहित 11 आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। इस तरह दोनों मामलों में कुल 14 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
14 आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपितों में मनोज यादव(49) निवासी सेक्टर-7 एवन्यु ए थाना भिलाई नगर, प्रदीप कुमार(61) निवासी बोरसी भाठा,अक्षय राज(30)चौहान टाउन सुपेला,महेश महानंद(42) निवासी गौतम नगर सुपेला,उपेन्द्र सिंह (28) निवासी गौतम नगर सुपेला, संतोष कुमार सोनी(37) कैंम्प-1 सुपेला,कुंदन कुमार(32) कैंम्प-1 छावनी,सुमित कुमार सिंह (30) निवासी शक्ति बिहार रिसाली,लोकेश बघेल(26) निवासी घासीदास नगर जामुल,मोहन मांझी (35) न्यू संतोषी पारा छावनी,अंकित डोंगरे(29) निवासी जलेबी चौक छावनी, आशुतोष तांडी(28)रायपुर नाका दुर्ग,कुमारी हेमा सिन्हा सुभाष नगर दुर्ग और सरस्वती ठाकुर सेक्टर-6 भिलाई शामिल है।
जांच में सामने आया कि आरोपित एजेंटों के माध्यम से अपने और अन्य लोगों के बैंक खाते साइबर अपराधियों तक पहुंचाते थे। थाना जामुल क्षेत्र के बैंक आफ बड़ौदा और पद्मनाभपुर क्षेत्र के एक्सिस बैंक से संबंधित खातों की जांच के दौरान यह गड़बड़ी उजागर हुई।