
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिलाई। दुर्ग-भिलाई में ई-बसों के संचालन की तैयारी के बीच रेलवे से जुड़ी बिजली लाइन की बड़ी बाधा अब दूर होने लगी है। कादंबरी नगर स्थित ई-बस डिपो तक 33/11 केवी क्षमता की बिजली लाइन पहुंचाने के लिए रेलवे लाइन के नीचे से होरिजेंटल ड्रिलिंग का काम शुरू कर दिया गया है।
पहले दिन करीब 32 फीट ड्रिल की गई। शनिवार को रेलवे अधिकारियों की निगरानी में काम जारी रहा। अब शेष हिस्से में भी ड्रिलिंग का काम बुधवार तक पूरा होने की उम्मीद है।
एनओसी के बाद शुरू हुआ काम
उल्लेखनीय है कि, ई-बस डिपो तक बिजली पहुंचाने के लिए रेलवे से एनओसी लेने में करीब एक माह का समय लगा था। रेलवे ने 23 सितंबर को 35 लाख 5 हजार 172 रुपये की डिमांड राशि जमा करने को कहा था।
निगम द्वारा राशि जमा करने के बाद एनओसी जारी हुई और अब जाकर मौके पर काम शुरू हो पाया है। दुर्ग जिले के लिए भिलाई डिपो को कुल 50 ई-बसें मिलनी हैं। तीन दिन पहले भिलाई में एक ई-बस का विभिन्न मार्गों पर ट्रायल भी किया गया।
यह भी पढ़ें- 2 करोड़ की चोरी में रायपुर पुलिस नाकाम, आरोपियों के फुटेज जारी कर मांगी मदद, 31 अक्टूबर को हुई थी चोरी
तैयार नहीं चार्जिंग व्यवस्था
डिपो में बिजली लाइन का काम आगे बढ़ने के बावजूद चार्जिंग व्यवस्था अभी पूरी तरह तैयार नहीं है। चार्जिंग प्वाइंट और पैनल का काम शुरू नहीं हो पाया है। ट्रांसफार्मर भी अब तक स्थापित नहीं किए गए हैं। डिपो में पहले लगाए गए तीन एक-एमवीए ट्रांसफार्मरों की तांबे की क्वाइल चोरी होने के बाद उन्हें हटा लिया गया था।
नए ट्रांसफार्मरों की स्थापना अभी बाकी है। वहीं डिपो का सर्विसिंग शेड तैयार है, लेकिन परिसर के अन्य काम भी अधूरे हैं। नेशनल हाईवे से डिपो तक पहुंचने वाली सर्विस रोड का करीब 100 मीटर हिस्सा भी क्षतिग्रस्त है।
यह भी पढ़ें- एमपी से राजस्थान तक के स्टेशनों पर सीधी नजर, 70 से अधिक वीडियो सर्विलांस से जुड़े; 24 घंटे रहेगी निगरानी