CG में शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू, पहले दिन 10837 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा, दुर्ग में बनाए गए 37 सेंटर
छत्तीसगढ़ के स्कूलों में शिक्षक संवर्ग के रिक्त पदों को भरने के लिए 29 नवंबर से भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है।
Publish Date: Sun, 29 Nov 2026 07:15:31 PM (IST)Updated Date: Sun, 29 Nov 2026 07:15:31 PM (IST)
5000 पदों पर होगी व्याखाता भर्ती, नईदुनियाHighLights
- 29 नवंबर से भर्ती प्रक्रिया हुई शुरू
- 854 पदों के लिए हुई व्याखाता भर्ती
- 5000 पदों पर होगी व्याखाता भर्ती
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिलाई। छत्तीसगढ़ के स्कूलों में शिक्षक संवर्ग के रिक्त पदों को भरने के लिए 29 नवंबर से भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है। परीक्षा के पहले दिन 29 नवंबर को प्रदेशभर में व्याख्याता के 854 पदों के लिए परीक्षा आयोजित की गई।
परीक्षा के लिए दुर्ग जिले में 37 केंद्र बनाए गए थे। दुर्ग जिले में परीक्षा में शामिल होने के लिए 11 हजार 954 अभ्यर्थियों ने पंजीयन कराया था। इनमें से 10 हजार 837 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 1,117 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। व्याख्याता भर्ती परीक्षा का आयोजन सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक किया गया।
परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि प्रश्नपत्र का स्तर अलग-अलग रहा। कुछ अभ्यर्थियों ने परीक्षा को आसान बताया, जबकि कुछ ने इसे कठिन बताया। वहीं, कई अभ्यर्थियों का कहना था कि प्रश्नपत्र हल करने के लिए समय कम था।
परीक्षा में 100 अंकों के 100 प्रश्न पूछे गए थे। अभ्यर्थियों को अपने उत्तर ओएमआर शीट में सही विकल्प के सामने बने गोले में टीक लगाने थे। परीक्षा में प्रत्येक गलत उत्तर पर एक चौथाई अंक काटने का प्रावधान रखा गया है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल के अनुसार, अभ्यर्थियों का चयन मेरिट के आधार पर किया जाएगा।
पांच हजार पदों पर होगी भर्ती, व्याख्याता के 854 पदों के लिए हुई परीक्षा
छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल चालू शिक्षा सत्र में सहायक शिक्षक, शिक्षक और व्याख्याता के कुल 5,000 पदों पर सीधी भर्ती के लिए परीक्षा आयोजित कर रहा है। प्रदेशभर में व्याख्याता के 854 पदों के लिए परीक्षा आयोजित की गई।
इसमें हिंदी विषय के 120, अंग्रेजी के 120 और संस्कृत के 120 पद शामिल हैं। वहीं राजनीति शास्त्र, इतिहास, भूगोल और अर्थशास्त्र विषय के लिए 100-100 पद निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा भौतिकी विषय के व्याख्याता के 94 पदों पर भर्ती की जाएगी। यह परीक्षा 29 नवंबर से 20 दिसंबर तक अलग-अलग चरणों में होगी।
प्रश्नपत्र का स्तर काफी कठिन था। कई सवाल समझने में ही समय लग गया। कुछ प्रश्नों के उत्तर भी स्पष्ट नहीं थे। ऐसे में पूरे पेपर को निर्धारित समय में हल करना थोड़ा मुश्किल रहा। शंकर लाल, अभ्यर्थी
पेपर ठीक था और सवाल भी पाठ्यक्रम के अनुसार पूछे गए थे। हालांकि, कुछ प्रश्नों में परेशानी हुई। अगर थोड़ी और मेहनत से तैयारी की होती तो पेपर और अच्छा जाता। समय भी कम मिला। योगेश देशमुख, अभ्यर्थी