_20261130_34133_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिलाई। नगर निगम भिलाई की आयुक्त सुरूचि सिंह ने जोन आयुक्तों को बड़ा अधिकार दिया है। अब जोन आयुक्त अपने-अपने क्षेत्र में 10 लाख रुपये तक के विकास कार्यों को स्वीकृति देकर काम करा सकेंगे।
नए आदेश के अनुसार, केंद्र और राज्य शासन की सभी मदों से होने वाले 10 लाख रुपये तक के विकास कार्यों की स्वीकृति जोन स्तर पर ही दी जा सकेगी। वहीं, 10 लाख रुपये से अधिक लागत वाले कार्यों के लिए निगम आयुक्त से स्वीकृति लेना अनिवार्य होगा।
आयुक्त द्वारा जोन आयुक्तों को अधिकार दिए जाने के बाद अब छोटे विकास कार्यों की फाइलें स्वीकृति के लिए निगम मुख्यालय नहीं भेजनी पड़ेंगी। इससे आयुक्त के पास फाइलों का दबाव कम होने की उम्मीद है। पहले छोटे-बड़े सभी विकास कार्यों के लिए आयुक्त से स्वीकृति और अनुमोदन लेना जरूरी था।
यह भी पढ़ें- कागजों में अटकी CG की धार्मिक पर्यटन योजना, 1 हजार KM लंबा कॉरिडोर प्रस्तावित; 5 करोड़ के बजट का प्रावधान
जोन स्तर पर लिया जाएगा विकास कार्यों का निर्णय
नए आदेश के बाद 10 लाख रुपये तक के कार्यों का निर्णय जोन स्तर पर ही लिया जा सकेगा। इस व्यवस्था से विकास कार्यों की स्वीकृति प्रक्रिया में तेजी आने और फाइलों के लंबे समय तक लंबित रहने की समस्या कम होने की संभावना है।
साथ ही, जोन स्तर पर ही निर्णय होने से स्थानीय जरूरतों के मुताबिक विकास कार्यों को जल्द शुरू कराया जा सकेगा। बता दें कि नगर निगम भिलाई में कुल पांच जोन कार्यालय हैं। इन सभी पांचों जोन के आयुक्तों को 10 लाख रुपये तक के विकास कार्यों की स्वीकृति का अधिकार मिलने से निगम मुख्यालय पर काम का दबाव कम होगा और जोन स्तर पर प्रशासनिक कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- पराली जलाने पर देश में नंबर वन ग्वालियर, अब तक 1082 घटनाएं; दतिया, श्योपुर और जबलपुर में बढ़े मामले