
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। प्रदेश के पांच प्रमुख शक्तिपीठों को चारधाम की तर्ज पर जोड़कर धार्मिक पर्यटन सर्किट विकसित करने की योजना कागजों में ही अटकी है। डोंगरगढ़ की मां बम्लेश्वरी, रतनपुर की मां महामाया, दंतेवाड़ा की मां दंतेश्वरी, सूरजपुर के कुदरगढ़ धाम की मां बागेश्वरी और सक्ती जिले के चंद्रपुर की मां चंद्रहासिनी मंदिर को जोड़ने के लिए बजट में प्रावधान किया गया है।
बताया जाता है कि रतनपुर स्थित महामाया मंदिर के समग्र विकास के लिए करीब 200 करोड़ रुपये की कार्ययोजना तैयार कर केंद्र सरकार की प्रसाद योजना के तहत पर्यटन मंत्रालय को भेजी गई है। वहीं, डोंगरगढ़, कुदरगढ़, चंद्रपुर और दंतेवाड़ा के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) में अटकी है।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में कोर्ट के स्टे छिपाकर कॉलोनियां काटीं, शिकायत के बाद टीएंडसीपी ने बिल्डरों को जारी किए नोटिस
योजना के तहत पांचों शक्तिपीठों तक सड़क संपर्क, पार्किंग, पेयजल, प्रकाश, विश्राम स्थल, शौचालय और श्रद्धालुओं के लिए अन्य सुविधाएं विकसित करने की परिकल्पना है। करीब एक हजार किलोमीटर लंबे धार्मिक पर्यटन कॉरिडोर की योजना भी प्रस्तावित है।
वर्ष 2026-27 के बजट में छत्तीसगढ़ आस्था पथ (शक्तिपीठ भ्रमण) योजना के लिए पांच करोड़ रुपये रखे गए हैं। इसके तहत श्रद्धालुओं को पांचों शक्तिपीठों का भ्रमण कराने की योजना है। मंदिरों को सर्किट के रूप में विकसित करने का प्रावधान इससे अलग है।
यह भी पढ़ें- नर्मदा टनल मामले में हाई कोर्ट सख्त, तीन सप्ताह में मांगी रिपोर्ट; 1600 करोड़ से अधिक भुगतान का मुद्दा उठा
श्रद्धालुओं को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
परियोजना के तहत मंदिरों तक पहुंचने के लिए बेहतर सड़क संपर्क, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, पार्किंग, विश्राम स्थल, सामुदायिक शौचालय और सुरक्षा व्यवस्था विकसित करने की योजना है। इसके अलावा गार्डन, हवन-पूजन स्थल, रेलिंग, सीसीटीवी कैमरे, पर्यटक सहायता केंद्र और होम स्टे जैसी सुविधाओं पर भी जोर दिया जाएगा। स्थानीय संस्कृति और वास्तुकला के संरक्षण को ध्यान में रखकर विकास कार्य किए जाएंगे।
धार्मिक पर्यटन से रोजगार की उम्मीद
शक्तिपीठ सर्किट विकसित होने से प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने से होटल, परिवहन, स्थानीय बाजार, हस्तशिल्प और होम स्टे जैसी गतिविधियों को लाभ मिल सकता है। इससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। सरकार की इस पहल का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को पहचान दिलाने के साथ पर्यटन को आर्थिक विकास का माध्यम बनाना है।
पांचों शक्तिपीठों को चारधाम की तर्ज पर जोड़कर धार्मिक पर्यटन सर्किट विकसित करने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। सोमवार को पर्यटन मंडल की बैठक में इस संबंध में तैयार कार्ययोजना पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद योजना को आगे बढ़ाने की दिशा में निर्णय लिया जाएगा। नीलू शर्मा, अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में ASI की चलती कार पर हमला, विरोध करने पर हाथ में काटा, आरोपी गिरफ्तार