
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिलाई। अकवान तूफान का असर रविवार सुबह ट्विन सिटी भिलाई-दुर्ग में भी देखने को मिला। सुबह होते ही शहर के अधिकांश इलाकों में घना कोहरा छा गया।
स्थिति ऐसी थी कि कुछ दूरी पर मौजूद चीजें भी स्पष्ट दिखाई नहीं दे रही थीं। कम विजिबिलिटी के कारण आम जनजीवन प्रभावित हुआ और लोगों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सुबह के समय सड़कों पर सामान्य दिनों की तुलना में वाहनों की आवाजाही काफी कम रही। आमतौर पर रविवार की सुबह शहर के प्रमुख मार्गों पर लोगों की आवाजाही दिखाई देती है, लेकिन इस बार कोहरे के कारण सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।
वाहनों की थम गई रफ्तार
जरूरी काम से घरों से निकले लोग ही सड़कों पर नजर आए। कोहरे की वजह से वाहन चालकों को बेहद सावधानी के साथ सफर करना पड़ा। कई वाहन चालक अपनी गाड़ियों की रफ्तार कम करके चलते दिखाई दिए। दोपहिया वाहन चालकों को विशेष रूप से परेशानी हुई।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में बदलेगी सफाई व्यवस्था, दिल्ली, नोएडा और मुंबई की चार एजेंसियां संभालेंगी जिम्मेदारी
सामने से आने वाले वाहन और सड़क किनारे मौजूद वस्तुएं देर से दिखाई देने के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रही। ऐसे में वाहन चालकों ने धीमी गति से आगे बढ़ना ही उचित समझा।
मौसम के इस बदले मिजाज ने सुबह की दिनचर्या को भी प्रभावित किया। मार्निंग वाक पर निकलने वाले लोगों की संख्या भी सामान्य से कम दिखाई दी। वहीं, सुबह काम पर जाने वाले लोगों को भी निर्धारित समय पर पहुंचने के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ी।
यह भी पढ़ें- एमपी में बिजली नेटवर्क सुधारने को मिले 1500 करोड़, पर खर्च हुए महज 96.85 करोड़, नए उपकेंद्रों का काम अटका