नईदुनिया न्यूज, बीजापुर। देश आजादी के 79 साल पूरे कर चुका है। मार्च 2026 में माओवाद के प्रभाव से भी मुक्ति मिली है। बीजापुर के दुर्गम इलाकों में विकास की नई इबारत लिखने के दावे हो रहे हैं, लेकिन जिले के बेदरे गांव से लगे अबूझमाड़ के करीब 20 गांवों के ग्रामीणों की जिंदगी आज भी इंद्रावती नदी के उस पार अटकी हुई है।
यहां न सड़क है, न पुल और न ही साप्ताहिक बाजार तक पहुंचने का सुरक्षित रास्ता। रोजमर्रा का सामान खरीदना हो या साप्ताहिक बाजार जाना हो, ग्रामीणों को डोंगी और नाव के सहारे उफनती इंद्रावती पार करनी पड़ती है। यह सिर्फ नदी पार करने की मजबूरी नहीं, बल्कि दशकों से विकास का इंतजार कर रहे आदिवासी परिवारों का दर्द है।
नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र के करीब 20 गांवों का बाजार और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए बीजापुर जिले के बेदरे पर निर्भर रहना उनकी मजबूरी है। नारायणपुर की ओर का रास्ता लंबा और दुर्गम होने के कारण ग्रामीण बेदरे के साप्ताहिक बाजार पहुंचते हैं।
हर सप्ताह परिवार के लिए राशन, नमक, तेल और दूसरी जरूरी सामग्री लेने उन्हें इंद्रावती नदी पार करनी पड़ती है। नदी के इस पार और उस पार के बीच महज कुछ दूरी है, लेकिन सुरक्षित रास्ता नहीं होने से यह सफर जोखिम भरा बन जाता है।
10 साल में पुल के नाम पर खड़े हुए सिर्फ 4-5 पिलर
ग्रामीणों की इस परेशानी को देखते हुए करीब 10 साल पहले बेदरे में इंद्रावती नदी पर पुल का काम शुरू हुआ था। निर्माणाधीन पुल के काम होते समय लगभग 6 पहले माओवादी अटैक से ठेकेदार व मुंशी बाल बाल बचे थे। निर्माण का ठेका गुप्ता कंस्ट्रक्शन नामक कंपनी को दिया गया।
उम्मीद थी कि पुल बनने के बाद अबूझमाड़ के इन गांवों का संपर्क बीजापुर से आसान हो जाएगा, लेकिन एक दशक बीतने के बाद भी पुल पूरा नहीं हो सका। ग्रामीणों के मुताबिक, अब तक नदी में महज 4-5 पिलर ही खड़े हो पाए हैं। पुल निर्माण की सुरक्षा के लिए इलाके में कैंप भी स्थापित किया गया, इसके बावजूद निर्माण अधूरा पड़ा है।
डोंगी में नदी पार करते समय हुए हादसे
ग्रामीण बताते हैं कि इंद्रावती नदी पार करना उनके लिए हर सप्ताह की मजबूरी है। डोंगी और छोटी नाव के सहारे नदी पार करते समय कई बार हादसे हो चुके हैं। इन हादसों में ग्रामीणों की जान तक जा चुकी है। बारिश के दिनों में नदी का जलस्तर बढ़ने पर खतरा और भी बढ़ जाता है।
इसके बावजूद बाजार और जरूरी सामान के लिए उन्हें इसी रास्ते का सहारा लेना पड़ता है। कई बार लोग नदी पार करने के लिए मौसम और पानी के मिजाज का इंतजार करते हैं।
ग्रामीणों की मांग, माओवाद खत्म हुआ अब विकास चाहिए
लंबे समय तक माओवाद के प्रभाव में रहे इस इलाके के ग्रामीण अब अपने गांवों में सड़क, पुल, स्वास्थ्य, शिक्षा और दूसरी बुनियादी सुविधाएं चाहते हैं। उनका कहना है कि जब क्षेत्र में हालात बदल रहे हैं और विकास कार्यों की उम्मीद जगी है, तो उन्हें भी सुरक्षित आवागमन का अधिकार मिलना चाहिए।
अबूझमाड़ के इन गांवों के लिए बेदरे का पुल केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि बाजार, इलाज, शिक्षा और प्रशासन तक पहुंचने का रास्ता है। विडंबना यह है कि जिस पुल के बनने से करीब 20 गांवों की जिंदगी आसान हो सकती थी, वह 10 साल बाद भी अधूरा है।
सरकार और प्रशासन के विकास के दावों के बीच इंद्रावती के उस पार रहने वाले आदिवासी अभी भी डोंगी के सहारे जिंदगी की जरूरतें पूरी कर रहे हैं। ग्रामीणों की मांग साफ है,अब उन्हें आश्वासन नहीं, इंद्रावती पर अधूरे पड़े पुल का निर्माण पूरा होने की जरूरत है।
बेदरे पुल निर्माण कार्य को लेकर री-टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। कार्य का वर्क ऑर्डर भी जारी हो चुका है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा और इसे निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। विश्वदीप कलेक्टर