
नईदुनिया न्यूज, बीजापुर। सरकार ने वनाधिकार पट्टे देकर जिन किसानों को जमीन का मालिकाना हक दिया, अब वही किसान अपनी उपज बेचने के लिए सरकारी व्यवस्था के सामने बेबस नजर आ रहे हैं। बीजापुर जिले के पामेड़ क्षेत्र के करीब 35 गांवों में 500 से 600 नए वनाधिकार पट्टाधारकों का नाम एग्रीस्टैक पोर्टल में दर्ज नहीं होने से उनका धान पंजीयन अटक गया है। ऐसे में किसानों के सामने इस साल सरकारी धान खरीदी केंद्र तक पहुंचने का रास्ता बंद होने का खतरा मंडराने लगा है। समय रहते पंजीयन नहीं हुआ, तो आर्थिक तंगी के कारण किसान गैरकानूनी रूप से सक्रिय सीमावर्ती तेलंगाना के अवैध कोचियों के चंगुल में फंसकर 800 से 900 रुपये प्रति क्विंटल में धान बेचने को विवश हो सकते हैं।
पामेड़ धान खरीदी केंद्र के अंतर्गत आने वाली सात ग्राम पंचायतों पामेड़, धर्माराम, उड़तामल्ला, पालागुड़ा, कंवरगट्टा और दारेली सहित आसपास के करीब 35 गांवों में हाल ही में बड़ी संख्या में वनाधिकार पट्टे वितरित किए गए हैं। पट्टा मिलने के बाद किसानों को उम्मीद थी कि अब वे सरकारी योजनाओं और समर्थन मूल्य पर धान बिक्री का लाभ उठा सकेंगे, लेकिन एग्रीस्टैक पोर्टल में नाम दर्ज नहीं होने से उनकी उम्मीदों पर पानी फिरता नजर आ रहा है।
यह भी पढ़ें- धान की आखिरी बालियों में छिपी है समृद्धि की कामना, छत्तीसगढ़ के खेतों में गूंजता है बढ़होना का उल्लास
किसानों का कहना है कि एग्रीस्टैक में पंजीयन के बिना धान पंजीयन की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है। इस समस्या को लेकर वनाधिकार पट्टाधारक किसानों ने जिला कलेक्टर के नाम आवेदन देकर तत्काल एग्रीस्टैक और धान पंजीयन कराने की मांग की है।
पामेड़ क्षेत्र तेलंगाना की सीमा से लगा हुआ है। सरकारी खरीदी का विकल्प नहीं मिलने पर किसानों के सामने सीमापार सक्रिय अवैध कोचियों के चंगुल में फंसने का खतरा बढ़ जाता है। हालांकि बिना लाइसेंस गांवों से धान खरीदना और अंतरराज्यीय परिवहन करना पूरी तरह गैरकानूनी है, लेकिन तत्काल पैसों की जरूरत के कारण किसान मजबूरी में इन कोचियों को महज 800 से 900 रुपये प्रति क्विंटल में धान बेचने को विवश होते हैं। खेती की लागत, खाद, बीज और मजदूरी का खर्च उठाने के बाद इतनी कम कीमत पर उपज बेचना किसानों के लिए दोहरा आर्थिक नुकसान साबित होगा। सापेड़ के हरीश कुंजाम, जारपल्ली के कारम धरदेव, सैंड्राबोर के कुरसम मुत्ता, कंवरगट्टा के मड़कम नंदा और धर्माराम के सोढ़ी भुजंगरा ने प्रशासन से जल्द पंजीयन कराने की मांग की है।
यह भी पढ़ें- बीजापुर में राजस्व विभाग की कार्रवाई, तिमेड नाके पर पकड़े गए दो ट्रक, 556 क्विंटल धान जब्त
कलेक्टर विश्वदीप ने बताया कि जिले में अब तक 20 हजार से अधिक किसानों का पंजीयन हो चुका है। जो किसान एग्रीस्टैक और धान पंजीयन से छूट गए हैं, उनका पंजीयन कराने के लिए प्रशासन पूरा प्रयास करेगा, ताकि वे समर्थन मूल्य पर धान बेचने के साथ बोनस का लाभ भी ले सकें। सीमावर्ती क्षेत्रों में कोचियों की गतिविधियों पर भी प्रशासन नजर रख रहा है और नियम विरुद्ध धान खरीदी पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- CG में धान खरीदी पर हाथियों का साया, प्रशासन ने बदली भंडारण की रणनीति, जानिए कौन से केंद्र अलर्ट पर