
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। खेत में लहलहाती फसल कटकर जब खलिहान पहुंचने को होती है और कटाई का आखिरी दौर आता है, तब छत्तीसगढ़ के गांवों में खुशियों की एक गूंज सुनाई देती है। धान की कटाई पूरी होने से ठीक पहले खेत के एक कोने में बची आखिरी बालियों के पास किसान धरती माता और अन्न देवता को नमन करते हैं। लोकजीवन में रची-बसी इस समृद्ध परंपरा को ‘बढ़होना’ कहा जाता है, जो केवल फसल कटने की रस्म नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, अन्न के सम्मान और पसीना बहाने वाले मजदूरों के आभार का महाउत्सव है।
खेत में धान की कटाई पूरी करने से पहले किसान एक कोने में फसल का थोड़ा हिस्सा बचाकर रखते हैं। आमतौर पर इसमें पांच मुट्ठी धान या कुछ पौधे शामिल होते हैं। पूरे खेत की लुवाई होने के बाद इसी बची हुई फसल के पास बढ़होना की तैयारी होती है। कटी हुई धान की पुलियों यानी करपा के ऊपर हंसिया और अन्न रखकर धरती माता, अन्न देवता और कृषि औजारों की पूजा की जाती है। नारियल फोड़कर खीर, पूड़ी, मुर्रा और चना जैसे पारंपरिक पकवानों का भोग लगाया जाता है। इसके बाद बची हुई धान की फसल काटकर कटाई का काम पूरा किया जाता है।
यह भी पढ़ें- Raipur : दूसरे राजिम के रूप में मशहूर हो रहा टोलाघाट, खारुन संगम पर बना 74 फीट ऊंचा शिव मंदिर
बढ़होना की सबसे खास बात इसमें किसानों और खेतिहर मजदूरों के बीच का आत्मीय रिश्ता है। पूजा के बाद कटाई में शामिल मजदूर किसान के माथे पर तिलक लगाते हैं और अच्छी पैदावार, सुख-समृद्धि की कामना करते हुए आशीर्वाद देते हैं। इसके बदले किसान उन्हें अनाज, पारंपरिक उपहार या अतिरिक्त पारिश्रमिक देते हैं। इसे ही स्थानीय बोली में ‘बढ़होना देना’ कहा जाता है। मजदूरों को मुर्रा, लाई और नारियल का प्रसाद भी बांटा जाता है। इस तरह खेती के एक पूरे सीजन में साथ काम करने वाले लोगों के श्रम का सम्मान किया जाता है।
इस लोकपरंपरा का एक दिलचस्प पक्ष पटाखे फोड़ने की रस्म भी है। पूजा और कटाई पूरी होने के बाद किसान खेत में पटाखे फोड़ते हैं। इसकी आवाज आसपास के खेतों और गांवों तक पहुंचती है। इससे दूसरे किसानों को पता चलता है कि अमुक किसान के खेत में आज बढ़होना मनाया जा रहा है। यह आवाज केवल उत्सव का संकेत नहीं, बल्कि ग्रामीण जीवन में एक-दूसरे की खुशियों में शामिल होने का निमंत्रण भी होती है।
यह भी पढ़ें- Ayodhya Special Train: छत्तीसगढ़ से अयोध्या का सफर होगा सीधा, बिलासपुर से 30 नवंबर को चलेगी ट्रेन
‘बढ़होना’ शब्द का संबंध बढ़ोतरी से माना जाता है। किसानों की मान्यता है कि इस परंपरा को निभाने से घर में अन्न की कमी नहीं होती और आने वाले कृषि वर्ष में फसल का उत्पादन और बढ़ता है। इसके पीछे प्रकृति के प्रति आभार और भविष्य की समृद्धि की कामना जुड़ी है। जिस धरती ने पूरे साल मेहनत का फल दिया, उसे धन्यवाद देने का यह अपना देसी तरीका है।
यह भी पढ़ें- विश्व विरासत सप्ताह: 600 ईसा पूर्व की कहानी कहता रीवांगढ़, दफन है 2,600 वर्ष का इतिहास
बदलते समय में खेती के तौर-तरीके और कृषि उपकरण भले ही बदल रहे हों, लेकिन गांवों में बढ़होना जैसी परंपराएं आज भी लोकजीवन की जड़ों से जुड़ी हैं। यह पर्व याद दिलाता है कि खेती केवल अनाज पैदा करने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि प्रकृति, किसान और मजदूर के साझा श्रम और विश्वास से बनी एक संस्कृति है। धान की आखिरी बालियों के साथ किसान अगले साल की नई उम्मीदें भी अपने घर लेकर लौटता है।