
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। बिलासपुर के व्यस्त राजेंद्र नगर चौक स्थित सिद्धिविनायक वाजपेयी चेंबर के ग्राउंड फ्लोर पर शुक्रवार को एक दुकान में अचानक आग लग गई। दुकान से उठती लपटों और धुएं के गुबार को देखकर आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया। इससे आग आसपास की दूसरी दुकानों तक फैलने से बच गई। हालांकि, दुकान के भीतर रखा सामान जलकर खाक हो गया।
जानकारी के अनुसार, वाजपेयी चेंबर के ग्राउंड फ्लोर पर संचालित दुकान में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते दुकान के भीतर से धुआं और लपटें बाहर निकलने लगीं। आग की भयावहता देखकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। कुछ देर के लिए चौक पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। लोगों की सूझबूझ और तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया। घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम भी मौके पर पहुंची। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में स्कूल के सामने धू-धू कर जली क्रेटा कार, बच्चों को लेने पहुंचे थे पिता, मची अफरा-तफरी
राहत की बात यह है कि आगजनी में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य वजह से आग लगी, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। दुकान में हुए नुकसान का आकलन भी किया जाना बाकी है।
यह भी पढ़ें- रातभर फोन चार्ज में लगाकर सोते हैं? जानिए सोते समय मोबाइल चार्ज पर लगाना चाहिए या नहीं?