
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में रेल कर्मचारियों की समस्याओं और सुविधाओं को लेकर दो दिवसीय मंडल स्तरीय पीएनएम बैठक आयोजित की गई। पांच और छह नवंबर को हुई इस बैठक की अध्यक्षता डीआरएम राकेश रंजन ने की। इसमें मान्यता प्राप्त मजदूर संगठन और रेल प्रशासन के प्रतिनिधियों ने कर्मचारी हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा कर समाधान की दिशा में सहमति बनाई।
बैठक में एडीआरएम जेएस मीना, के श्रीनिवास तथा वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी डॉ. अंशुमान मिश्रा उपस्थित रहे। बैठक का संचालन डॉ. मिश्रा ने किया। मजदूर कांग्रेस के मंडल समन्वयक विजय अग्निहोत्री, बी कृष्णकुमार, लक्ष्मण राव और आरके यादव सहित सभी शाखा सचिव शामिल हुए। संगठन की ओर से उठाए गए 85 सामान्य और 11 विशेष मुद्दों पर चर्चा हुई।
पदोन्नति, पुनर्तैनाती, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और आवासीय सुविधाओं पर विचार किया गया। कई प्रकरणों को सहमति के बाद बंद किया गया। साइडिंग माइलेज देने पर भी सहमति बनी। डीआरएम ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण के निर्देश देते हुए रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
यह भी पढ़ें- Railway News: ट्रेनों में वेंडर की टी-शर्ट से होगी कंपनी की पहचान, शिकायत पर होगा एक्शन
रेलवे में पीएनएम यानी परमानेंट नेगोशिएशन मशीनरी कर्मचारी संगठनों और प्रशासन के बीच औपचारिक संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके जरिए कर्मचारियों से जुड़ी समस्याएं सीधे प्रबंधन के सामने रखी जाती हैं। चर्चा के दौरान संबंधित विभागों की जिम्मेदारी तय करने, नियमों के अनुरूप समाधान तलाशने और सहमति से विवादों को समाप्त करने का प्रयास किया जाता है। इससे कार्यस्थल पर बेहतर समन्वय और औद्योगिक सौहार्द बनाए रखने में मदद मिलती है।