
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। चलती मालगाड़ी में एक युवक का खतरनाक अंदाज में सफर करने का मामला सामने आया है। युवक मालगाड़ी के दो वैगन के बीच लगी कपलिंग के ऊपर चढ़कर यात्रा कर रहा था। हैरानी की बात यह है कि वह इसी हालत में जोनल स्टेशन तक पहुंच गया। गुरुवार को जब मालगाड़ी स्टेशन के लाइन नंबर दो से गुजर रही थी, तभी प्लेटफार्म ड्यूटी पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल के जवानों की नजर उस पर पड़ी।
युवक को इस तरह चलते वैगनों के बीच चढ़ा देखकर जवान भी सतर्क हो गए। उन्होंने तत्काल मालगाड़ी को रुकवाया और युवक को सुरक्षित नीचे उतारा। इसके बाद उसे पकड़कर अपने साथ ले गए। घटना सुबह 10:30 बजे की है। इस पूरे घटनाक्रम को देखकर स्टेशन पर मौजूद यात्री और रेलवे कर्मचारी हैरान रह गए।
किसी को समझ नहीं आ रहा था कि युवक आखिर कौन है और वह मालगाड़ी में कहां से चढ़ा था। उसने कितनी दूरी इसी खतरनाक स्थिति में तय की, यह भी स्पष्ट नहीं हो सका। चलती मालगाड़ी के दो वैगनों के बीच कपलिंग पर बैठकर सफर करना जानलेवा साबित हो सकता था। जरा सी चूक होने पर युवक नीचे गिर सकता था और गंभीर हादसा हो सकता था। इस घटना ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
मालगाड़ी के वैगनों के बीच इस तरह किसी व्यक्ति का चढ़ जाना सामान्य घटना नहीं है। सवाल यह है कि युवक मालगाड़ी तक कैसे पहुंचा और उसे रास्ते में किसी ने क्यों नहीं देखा। यदि आरपीएफ जवानों की नजर समय रहते उस पर नहीं पड़ती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
यह भी पढ़ें- सक्ती व खरसिया सेक्शन पर ऑटोमैटिक सिग्नलिंग, अब बढ़ेगी ट्रेनों की क्षमता
हालांकि आरपीएफ ने युवक को पकड़कर अपने साथ ले जाने के बाद मामले की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। युवक की पहचान, मालगाड़ी में चढ़ने के स्थान और उसके इस तरह सफर करने की वजह को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
यह भी पढ़ें- दीपावली पर रेलवे का सघन चेकिंग अभियान, बिना टिकट यात्रा करने वाले 82 यात्रियों से वसूला गया जुर्माना