
नईदुनिया न्यूज, दंतेवाड़ा/बचेली। इकलौते बेटे की मौत के 16 महीने बाद भी नौकरी और मुआवजा नहीं मिलने से परेशान बचेली के वार्ड 03 निवासी गंगा ठाकुर अपनी दोनों बेटियों और स्वजन के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचीं।
उनके साथ छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस (जे) के जिलाध्यक्ष रेमोन मड़कामी भी थे। गंगा ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर बेटे की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई और परिवार को राहत देने की मांग की।
मामला 28 जुलाई 2025 का है। ग्राम हाऊरनार में एनएमडीसी और एलएंडटी कंपनी स्लरी पाइप लाइन बिछाने का काम कर रही थी। निर्माण के लिए जगह-जगह गड्ढे खोदे गए थे।
स्वजन का आरोप है कि गड्ढों के आसपास बैरिकेडिंग नहीं की गई थी और चेतावनी बोर्ड भी नहीं लगाए गए थे। सुरक्षा व्यवस्था के अभाव में गंगा का बेटा गड्ढे में गिर गया और पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई।
नौकरी और मुआवजे का वादा पूरा नहीं होने का आरोप
गंगा का आरोप है कि घटना के बाद एफआईआर की प्रक्रिया के दौरान एनएमडीसी अधिकारी अनिमेष झा ने परिवार को परियोजना में नौकरी और उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया था। 16 महीने बाद भी वादा पूरा नहीं हुआ। पति से तलाक के बाद दोनों बेटियों के पालन-पोषण की जिम्मेदारी भी उन्हीं पर है।
यह भी पढ़ें- रायपुर एयरपोर्ट की तीन गुना बढ़ेगी परिचालन क्षमता, अब एक रनवे से प्रति घंटे 35 उड़ानों की तैयारी
सात दिन का अल्टीमेटम, आंदोलन की चेतावनी
ज्ञापन में उन्होंने वादे के अनुसार नौकरी, एकमुश्त उचित मुआवजा और बेटियों की शिक्षा, स्वास्थ्य व पोषण की व्यवस्था की मांग की है। गंगा ने प्रशासन से सात दिन में लिखित कार्रवाई मांगी। रेमोन मड़कामी ने कहा कि समय सीमा में कार्रवाई नहीं हुई तो जनता कांग्रेस (जे) आंदोलन करेगी। उन्होंने ठेकेदार कंपनी और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत कार्रवाई की मांग भी की।
यह भी पढ़ें- सीजी उच्च शिक्षा में होगा बदलाव, 30 कॉलेज बनेंगे सेंटर ऑफ एक्सीलेंस; 1.40 लाख छात्रों को अनिवार्य इंटर्नशिप