CG की NMDC में भर्ती को लेकर युवाओं का आंदोलन जारी, 3 हजार कर्मचारियों की छुट्टी रद; ड्यूटी स्थल पर भेजा
दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिले के युवाओं ने दो साल से लंबित भर्ती प्रक्रिया शुरू करने और स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने की मांग की है।
Publish Date: Sun, 29 Nov 2026 10:41:52 PM (IST)Updated Date: Sun, 29 Nov 2026 10:41:52 PM (IST)
NMDC में भर्ती प्रक्रिया को लेकर आंदोलन जारी, नईदुनियाHighLights
- NMDC में भर्ती प्रक्रिया को लेकर आंदोलन जारी
- एल-1 और एल-2 में दो साल से अटकी भर्ती
- स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने की गई मांग
नईदुनिया प्रतिनिधि, जगदलपुर। बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा जिले में एनएमडीसी की बचेली और किरंदुल लौह अयस्क परियोजनाओं में एल-1 और एल-2 के पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग को लेकर बेरोजगार युवाओं का आंदोलन दूसरे दिन रविवार को भी जारी रहा।
दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिले के युवाओं ने दो साल से लंबित भर्ती प्रक्रिया शुरू करने और स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने की मांग की है। युवाओं ने स्पष्ट किया है कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
आंदोलन को देखते हुए एनएमडीसी प्रबंधन ने दोनों परियोजनाओं में अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश पर आगामी आदेश तक प्रतिबंध लगा दिया है। करीब तीन हजार कर्मचारियों को उनके ड्यूटी स्थल पर भेज दिया गया है।
उनके रहने और भोजन की व्यवस्था भी परियोजना परिसर में की गई है। प्रवेश द्वार और खनन क्षेत्र में औद्योगिक सुरक्षा बल की तैनाती की गई है। प्रबंधन ने उत्पादन प्रभावित नहीं होने देने के लिए यह कदम उठाया है। दो साल पहले इसी मुद्दे पर पांच दिन तक उत्पादन ठप रहा था। इधर, आंदोलन को कांग्रेस और सीपीआई का समर्थन मिला है।
कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी, पूर्व विधायक देवती कर्मा सहित कई नेताओं ने धरनास्थल पहुंचकर युवाओं की मांगों का समर्थन किया। एनएमडीसी के निदेशक (कार्मिक) कृष्ण कुमार ठाकुर ने कहा कि बस्तर के विकास में स्थानीय समुदाय की भागीदारी कंपनी की प्राथमिकता है। नियमित और संविदात्मक कार्यबल में स्थानीय लोगों की उल्लेखनीय भागीदारी इसी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। भर्ती के मामले में अंतिम निर्णय के लिए प्रस्ताव स्टील मंत्रालय में लंबित है।
एनएमडीसी में 75 प्रतिशत कर्मचारी बस्तर संभाग के निवासी
एनएमडीसी की किरंदुल और बचेली स्थित बैलाडीला खनन परियोजनाओं में कार्यरत करीब 85 प्रतिशत कर्मचारी छत्तीसगढ़ के निवासी हैं। इनमें 75 प्रतिशत बस्तर संभाग से हैं। कंपनी मुख्यालय हैदराबाद से जारी 31 अक्टूबर 2026 तक के आंकड़ों के अनुसार, दोनों परियोजनाओं में कुल 5,573 कर्मचारी कार्यरत हैं।
इनमें 4,729 छत्तीसगढ़ और 4,172 बस्तर संभाग के निवासी हैं। नियमित 3,021 कर्मचारियों में भी 1,667 बस्तर संभाग से हैं। एनएमडीसी के निदेशक (कार्मिक) कृष्ण कुमार ठाकुर के अनुसार, बचेली से नगरनार तक 138 किमी लंबी स्लरी पाइपलाइन परियोजना में भी भविष्य में स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बनेंगे।