
नईदुनिया न्यूज, दुगली। पांच गांवों के ग्रामीणों को बेदखली नोटिस जारी किए जाने के मामले में वन विभाग ने नोटिस निरस्त करने का आश्वासन दिया है। जनपद पंचायत नगरी के सभाकक्ष में वन विभाग, राजस्व विभाग, पुलिस अधिकारियों और ग्रामीणों की बैठक में यह सहमति बनी।
धमतरी वन मंडलाधिकारी जाधव श्रीकृष्ण ने उमरादेहान, कुसुमभर्री, छुहीभर्री, बोईरनाला और बोदलवंडी में तत्काल बीट बंटवारा तथा जीपीएस मापन सर्वे का काम शुरू कराने का भरोसा दिलाया। बैठक में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और मांगें रखीं।
वन विभाग ने जारी किया बेदखली का नोटिस
उन्होंने बताया कि उमरादेहान में जीपीएस से नाप-जोख सर्वे पूरा होने के बाद वन विभाग ने बेदखली का नोटिस जारी किया है। इस पर डीएफओ ने नोटिस निरस्त करने की बात कही। साथ ही वन विभाग दुगली रेंज के रेंजर सुभाष ध्रुव और बिरगुड़ी एसडीओ संजय रऊतिया को पांचों गांवों में तत्काल बीट बंटवारा और जीपीएस मापन सर्वे का काम कराने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में अब चमकेंगे खनन प्रभावित गांव, जनकल्याण की जरूरतों पर खर्च होगी DMF राशि
बैठक में एएसपी शैलेंद्र पांडेय, एसडीओपी विपिन रंगारी, तहसीलदार, दुगली थाना प्रभारी तापेश्वर नेताम, वनपाल राहुल राजपूत सहित शिवप्रसाद नेताम, दशरू नेताम, मोहित मरकाम, रामभरोस सिन्हा, सुखचंद मरकाम, चंद्रहास नेताम, कविलास नेताम, भूषण लाल मरकाम सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के नए अध्यक्ष होंगे महादेव कावरे, मंजूरी मिलते ही जारी होगा आदेश