_m.webp)
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। प्रदेश में खनन प्रभावित क्षेत्रों में जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) की राशि अब स्थानीय जरूरतों और जनकल्याण के कामों पर खर्च होगी। मुख्य सचिव विकास शील ने गुरुवार को मंत्रालय में हुई राज्य स्तरीय निगरानी समिति की बैठक में जिलों को स्थानीय आवश्यकताओं का सर्वे कर तीन वर्षीय कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि डीएमएफ के कामों का उद्देश्य केवल राशि खर्च करना नहीं, बल्कि लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाना होना चाहिए। मुख्य सचिव ने गांवों में उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं और अधूरे विकास कार्यों का आकलन करने को कहा। साथ ही राज्य बजट की योजनाओं और डीएमएफ से प्रस्तावित कार्यों का मिलान करने के निर्देश दिए, ताकि एक ही काम पर दोहरा खर्च न हो।
विभिन्न क्षेत्रों के कामों के आकलन पर जोर
उन्होंने पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण, महिला-बाल कल्याण, कौशल विकास और कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में हुए कामों के वास्तविक लाभ का आकलन करने पर जोर दिया। वित्तीय वर्ष के अंत में विशेष ग्राम सभाएं आयोजित कर डीएमएफ के कार्यों और खर्च का ब्योरा ग्रामीणों के सामने रखने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में एक ही दफ्तर में 15 साल से जमे 59 क्लर्कों का ट्रांसफर, संयुक्त सचिव ने जारी की सूची
परिसंपत्तियों पर क्यूआर कोड लगाए जाएंगे
पारदर्शिता बढ़ाने के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों, उप स्वास्थ्य केंद्रों, पंचायत और सामुदायिक भवनों जैसी सार्वजनिक परिसंपत्तियों पर क्यूआर कोड लगाए जाएंगे। इन्हें स्कैन कर नागरिक संबंधित विकास कार्यों की जानकारी ले सकेंगे। बैठक में अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, प्रमुख सचिव डॉक्टर रोहित यादव आदि मौजूद थे।
यह भी पढ़ें- सीजी में बिजली कंपनियों में 1501 पदों पर भर्ती, तीन दिसंबर तक कर सकेंगे आवेदन; अप्लाई की बढ़ाई गई तारीख