
राज्य ब्यूरो,नईदुनिया, रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) को जल्द नया अध्यक्ष मिल सकता है। सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी महादेव कावरे के नाम पर राज्य सरकार ने सहमति जता दी है। नियुक्ति की फाइल अनुमोदन के लिए राजभवन भेजी गई है, जहां फिलहाल मंजूरी का इंतजार है।
कावरे की नियुक्ति होने पर वे मई 2028 तक अध्यक्ष रह सकते हैं। अध्यक्ष पद खाली होने से आयोग में अधिकारियों-कर्मचारियों की पदोन्नति के कई मामले लंबित हैं। अध्यक्ष पद के लिए सरकार के पास महादेव कावरे और सरगुजा संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गे के नाम विचाराधीन थे। इनमें कावरे को प्राथमिकता दी गई है। 18 मई 1966 को जन्मे कावरेकी उम्र करीब 60 वर्ष छह महीने है। आयोग अध्यक्ष की अधिकतम आयु सीमा 62 वर्ष निर्धारित है।
यह भी पढ़ें- सीजी में 1501 पदों पर निकली भर्तियां, तीन दिसंबर तक कर सकेंगे अप्लाई; आवेदन की बढ़ाई गई तारीख
प्रक्रिया जल्दी करने की मांग
अध्यक्ष की नियुक्ति में देरी को लेकर कर्मचारी-अधिकारी संगठनों ने भी सरकार और राजभवन से जल्द निर्णय लेने की मांग की है। कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के अध्यक्ष कमल वर्मा ने मुख्यमंत्री के बाद राज्यपाल को पत्र लिखकर नियुक्ति प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने का आग्रह किया है। राजपत्रित अधिकारी संघ ने भी लंबित मामलों के निराकरण के लिए अध्यक्ष पद भरने की मांग की है।
कलेक्टर से संभागायुक्त तक का अनुभव
2008 बैच के आइएएस अधिकारी रहे कावरे बेमेतरा और जशपुर के कलेक्टर रह चुके हैं। इसके अलावा दुर्ग और रायपुर संभाग के आयुक्त सहित आवास एवं पर्यावरण तथा वाणिज्यिक कर विभाग में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में अब चमकेंगे खनन प्रभावित गांव, जनकल्याण की जरूरतों पर खर्च होगी DMF राशि