
नईदुनिया प्रतिनिधि, धमतरी। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के शुरुआती तीन दिनों में जिले के 2400 किसानों ने 82 हजार 177 क्विंटल धान बेचा है। इनमें से 271 किसानों के बैंक खातों में शासन ने दो करोड़ 22 लाख 29 हजार रुपये का भुगतान कर दिया है।
राशि खाते में पहुंचने से किसानों के चेहरे खिल गए हैं। वहीं धान बेच चुके शेष 2129 किसानों को भुगतान का इंतजार है। जिले के 108 खरीदी केंद्रों में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हुई है। जिला नोडल अधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, तीन दिनों में किसानों से खरीदे गए धान की कुल कीमत 20 करोड़ 11 लाख 12 हजार रुपये है।
इसमें से 271 किसानों को भुगतान किया जा चुका है। शेष किसानों के खातों में राशि आने का इंतजार है। धान बेचने के बाद किसान भी समय-समय पर मोबाइल से अपने बैंक खाते का बैलेंस चेक कर रहे हैं।
लिंकिंग खरीदी से पांच करोड़ की ऋण वसूली
खरीफ सीजन में खेती के लिए सोसायटियों से किसानों को खाद, बीज और नकद के रूप में ऋण दिया गया था। अब धान खरीदी शुरू होने के साथ ही ऋणी किसानों से धान की कीमत में से बकाया ऋण की राशि काटी जा रही है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में कल कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन की आक्रोश रैली, पटवारियों की मांग के समर्थन में उतरा संघ
इसे लिंकिंग खरीदी कहा जाता है। जिले में पिछले तीन दिनों के भीतर इस प्रक्रिया से पांच करोड़ 11 लाख 92 हजार रुपये की ऋण वसूली की गई है। धान खरीदी के अंतिम दिन तक यह प्रक्रिया जारी रहेगी। 18 नवंबर के लिए जारी हुए 1008 टोकन 18 नवंबर को धान विक्रय के लिए जिले में कुल 1008 टोकन जारी किए गए हैं।
इनके माध्यम से 36 हजार 630.25 क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य है। इधर खरीदी शुरू होने के साथ ही ग्रामीण अंचलों में धान कटाई और मिंजाई का काम भी तेज हो गया है। किसान समय पर उपज बेचने के लिए देर शाम और रात तक खेतों में काम कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में 11 हजार से अधिक वेटलैंडों की पहचान, सीमांकन पर सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा