
नईदुनिया प्रतिनिधि,दुर्ग। पुलगांव थाना क्षेत्र में 11 लाख रुपये के लेन देन के विवाद में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के एक जवान का अपहरण कर उसे बंधक बनाने और मारपीट करने का मामला सामने आया है। जवान ने किसी तरह घटना की सूचना मोबाइल के माध्यम से अधिकारियों को दी। मामले में पुलिस ने महिला और उसके ड्राइवर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। सीएएफ के जवान विजयशील की रायगढ़ में पोस्टिंग हैं।
गिरफ्तार आरोपितों का नाम हरजिंदर कौर(47) और कृष्ण कुमार सिन्हा बताया गया है। घटना सोमवार शाम की बताई गई है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक रायगढ़ की छठवीं बटालियन में पदस्थ आरक्षक विजयशील ने कोहका निवासी हरजीत कौर से 11 लाख रुपये उधार लिए थे।
फोन कर बुलाया जवान
आरक्षक रकम वापसी के नाम पर महिला को बार-बार घूमा रहा था। पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक आरक्षक विजयशील रविवार को अपने घर खैरागढ़ से दुर्ग पहुंचा था। इस दौरान हरजीत ने फोन कर उसे दुर्ग बस स्टैंड बुलाया। वहां मुलाकात के बाद महिला ने नाश्ता कराने के बहाने आरक्षक को अपने कार में बैठा लिया।
यह भी पढ़ें- रायपुर में महिला को किया डिजिटल अरेस्ट, NIA अधिकारी बनकर सात लाख की ठगी, RBI के नाम से भेजा फर्जी प्रमाणपत्र
उसके बाद उसे गोकुल नगर,पुलगांव ले जाया गया जहां आरोपितों ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की। बंधक बनाए जाने के दौरान आरक्षक ने मौका मिलते ही चतुराई दिखाते हुए अपने मोबाइल फोन के कमांडेट और वरिष्ठ अधिकारियों को अपनी लाइव लोकेशन भेज दी।
दो आरोपी गिरफ्तार
लोकेशन मिलने के बाद पुलिस ने उसका पता लगाया और मौके पर पहुंचकर उसे छुड़ाया। पुलिस ने इस मामले में धारा 140 (3), 251, 115 (2) सहित अन्य धाराओं में अपराध दर्ज कर आरोपित हरजिंदर कौर और चालक कृष्ण कुमार सिन्हा को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी गुरविंदर सिंह सद्दू ने बताया कि आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें- रायपुर नगर निगम में 11 अधिकारियों की जिम्मेदारी बदली, जोन से मुख्यालय तक फेरबदल, देखें लेटेस्ट अपडेट