नईदुनिया प्रतिनिधि, दुर्ग। पुरानी रंजिश के कारण रास्ता रोककर धारदार चाकू से युवक पर हमला कर उसकी हत्या करने के मामले में प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश ने चार आरोपितों को आजीवन कारावास और एक हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। मामले में एक अन्य आरोपित अजय दुबे को साक्ष्य के अभाव में दोषमुक्त कर दिया गया। अजय दुबे दुर्ग निगम में पूर्व पार्षद रहा है।
अभियोजन के मुताबिक, मृतक श्रीराम यादव उर्फ मंत्री यादव का अजय दुबे के साथ मारपीट हुआ था जो मामला न्यायालय में चल रहा है। 21 मई 2024 की रात्रि 7.30 बजे अपने साथी बलराम यादव के साथ शराब लेने के लिए नयापारा देशी दुकान गया था।
योजना बनाकर हुआ था जानलेवा हमला
वापस आते समय रात्रि 8.15 बजे गंजपारा नाका चौक के पास पहुंचा था,उसी समय योजनाबद्ध तरीके से आरोपित अजय दुबे का भतीजा अक्षत दुबे,अमिताभ दुबे उर्फ चंदू,शुभम शर्मा,वंश राजपूत अपनी दो मोटर साइकिल से आकर मृतक का रास्ता रोककर पुरानी रंजिश पर सभी आरोपित एक राय होकर हत्या करने की नियत से लड़ाई,झगड़ा,मारपीट करते हुए अपने पास रखे धारदार चाकू से एवं हाथ में पहने कड़ा से मृतक श्रीराम यादव उर्फ मंत्री यादव को बांया पैर में जांघ के पास,दायां पैर में कूल्हे के नीचे,पीठ में मारकर गंभीर चोट पहुंचाए।
इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मामले में पुलिस ने आरोपित अक्षय दुबे उर्फ मान्या (23) निवासी कादंबरी नगर दुर्ग,शुभम शर्मा(25) निवासी आदित्य नगर, वंश राजपूत(19) निवासी गया नगर दुर्ग, अमिताभ उर्फ चंदु(19) निवासी हरि नगर दुर्ग और अजय दुबे (51) निवासी गणपति विहार बोरसी के खिलाफ धारा 341,34 एवं 302 ,34 के तहत अपराध दर्ज कर प्रकरण सुनवाई के लिए प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश शेख अशरफ के न्यायालय में पेश किया।
उम्रकैद और एक-एक हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई
न्यायालय में सुनवाई के दौरान शासन की ओर से प्रकरण की पैरवी अपर लोक अभियोजक पंकज बेलचंदन ने बताया कि न्यायालय ने आरोपित अक्षत दुबे उर्फ मान्या, शुभम शर्मा, वंश राजपूत, अमिताभ उर्फ चंदु को धारा 302, 34 और 120, बी में आजीवन कारावास और एक-एक हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। सभी सजाएं साथ-साथ चलेंगी। एक अन्य आरोपित अजय दुबे को संदेह का लाभ देते हुए दोषमुक्त कर दिया।
हत्या की योजना बनाने का आरोप
आरोपित अजय दुबे पर मृतक मंत्री यादव की हत्या के संबंध में योजना बनाने का आरोप है। आरोपित अक्षत दुबे उर्फ मान्या और अमिताभ उर्फ चंदू, अजय दुबे के भतीजे हैं। पुलिस की विवेचना के दौरान यह बात भी सामने आई थी कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित अमिताभ दुबे उर्फ चंदू अपने चाचा अजय दुबे के घर गया और उसे घटना के बारे में बताया। उसके बाद कोण्डागांव चला गया। वहीं घटना के समय पहने हुए कपड़े को आरोपित अक्षत दुबे ने भी अपने चाचा अजय दुबे के घर रख दिया।