
नईदुनिया प्रतिनिधि, दुर्ग। संभाग के संयुक्त संचालक शिक्षा केवी राव ने विकासखंड पाटन के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (सेजस) मर्रा और विकासखंड दुर्ग के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मरोदा टैंक का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सेजस मर्रा की पढ़ाई और व्यवस्थाओं में गंभीर लापरवाही सामने आई। पहली से पांचवीं तक की कक्षाओं में शिक्षक नदारद मिले और प्राचार्य भी स्कूल में मौजूद नहीं थे। इस पर पांच शिक्षकों को चेतावनी पत्र जारी करने के साथ प्राचार्य को भी कड़ी फटकार लगाई गई है।
निरीक्षण के दौरान सेजस मर्रा में प्राचार्य सुरेश कुमार त्रिपाठी अनुपस्थित पाए गए। कक्षा पहली से पांचवीं तक किसी भी क्लास में शिक्षक नहीं थे। कुछ शिक्षक स्टाफ रूम में बैठे थे तो कुछ स्कूल परिसर में घूमते मिले। संयुक्त संचालक ने नाराजगी जताते हुए शिक्षिका नसीम फातिमा खान, सोनी दुबे, पूनम प्रसाद, आंचल वर्मा और शुभम चौरे को चेतावनी पत्र जारी किया है। आगे ऐसी लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
यह भी पढ़ें- महिला हिंसा उन्मूलन दिवस : घर का दरवाजा खुला और बेटी गायब... बस्तर में डरा रहे 1,432 मामले
जांच में सामने आया कि कक्षा दसवीं के छात्रों को गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान की किताबें अब तक नहीं दी गई हैं। पाटन के विकासखंड शिक्षा अधिकारी से बात करने पर पता चला कि प्राचार्य ने किताबों की मांग ही नहीं भेजी थी। दूसरी ओर, कई कक्षाओं की अतिरिक्त किताबें साइंस म्यूजियम कमरे में बंद मिलीं, जिन्हें जरूरतमंद स्कूलों में भेजा जाना था। इसके अलावा तय क्रम से प्रार्थना नहीं कराने और लाउडस्पीकर का उपयोग नहीं करने पर प्राचार्य को कड़ी चेतावनी दी गई।
स्कूल में बना साइंस म्यूजियम भी बंद मिला। छात्रों ने बताया कि उद्घाटन के बाद केवल एक ही दिन उन्हें म्यूजियम दिखाया गया था। निरीक्षण के दौरान जब म्यूजियम खुलवाया गया, तो बच्चों ने उत्साह के साथ उपकरण देखे। संयुक्त संचालक ने विज्ञान शिक्षक को हर हफ्ते कम से कम एक दिन म्यूजियम खोलने और सभी कक्षाओं के बच्चों को बारी-बारी से दिखाने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें- गुजरात के नंद घरों का मॉडल देखने पहुंचीं मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, जानी आंगनबाड़ी व्यवस्था
इसके बाद संयुक्त संचालक शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मरोदा टैंक पहुंचे, जहां कक्षाएं सुचारू रूप से चलती मिलीं। हालांकि, कक्षा दसवीं के छात्रों से जब बोर्ड परीक्षा के ब्लूप्रिंट को लेकर सवाल पूछे गए, तो वे संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। इस पर अधिकारियों ने शिक्षकों को निर्देश दिए कि सभी बोर्ड कक्षाओं के विद्यार्थियों को ब्लूप्रिंट की पूरी जानकारी देकर उसी के अनुसार परीक्षा की तैयारी कराएं।