
नईदुनिया प्रतिनिधि, जगदलपुर। अति बारिश और बाढ़ से इस बार बस्तर में खरीफ फसल को काफी नुकसान पहुंचा है। फसल बर्बाद होने से किसान दुखी हैं, वहीं धान की कटाई पूरी होते ही ग्रामीण इलाकों में खेतों से जुड़ी एक पुरानी और रोचक परंपरा की रौनक दिखने लगी है। ग्रामीण समूह बनाकर खेतों में चूहों का शिकार करने उतर रहे हैं। इसके पीछे खेतों की मेड़ और अनाज को बचाने का व्यावहारिक उद्देश्य है, साथ ही यह ग्रामीणों के आपसी मेलजोल और आहार का भी हिस्सा है।
धान की कटाई पूरी होते ही ग्रामीण इलाकों में खेतों का नजारा बदल जाता है। कटाई के बाद बचे अनाज के दानों और पराली के बीच ग्रामीण चूहों की तलाश में जुट जाते हैं। गांव के लोग टोली बनाकर खेतों में बिल खोजते हैं और कुदाल, फावड़े व अन्य पारंपरिक औजारों से खुदाई कर चूहों को बाहर निकालते हैं। बस्तर की ग्रामीण परंपराओं के जानकार और ग्राम मारेंगा के सरपंच जयमन मौर्य बताते हैं कि ग्रामीण क्षेत्रों में यह केवल चूहे पकड़ने की गतिविधि नहीं, बल्कि वर्षों पुरानी परंपरा है। बच्चे, युवा और बुजुर्ग भी इसमें उत्साह से शामिल होते हैं। कई जगह यह सामूहिक गतिविधि ग्रामीण जीवन और मेलजोल का हिस्सा रही है और कई लोग चूहों का शिकार कर उन्हें भोजन में शामिल करते हैं।
यह भी पढ़ें- महिला हिंसा उन्मूलन दिवस : घर का दरवाजा खुला और बेटी गायब... बस्तर में डरा रहे 1,432 मामले
सर्व आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष दशरथ कश्यप के अनुसार, चूहों के शिकार की परंपरा का मूल उद्देश्य खेतों में उनकी संख्या को नियंत्रित करना है। चूहे फसल और खेतों में रखे अनाज को बड़ा नुकसान पहुंचाते हैं। कटाई के बाद उनके बिल आसानी से दिखाई देने लगते हैं, इसलिए धान कटाई के बाद का समय इस काम के लिए सबसे उपयुक्त माना जाता है। चूहों को निकालने के लिए ग्रामीण पूरी मेड़ तक खोद डालते हैं।
यह भी पढ़ें- विश्व विरासत सप्ताह: बस्तर की कांगेर घाटी में प्रकृति की अनमोल विरासत
स्थानीय आदिवासी बोली में चूहों के शिकार को 'कुंदाय मूसा', 'घूस मूसा' या 'बेड़ा मूसा' कहा जाता है। हालांकि, आधुनिक जीवनशैली, खेती के बदलते तौर-तरीकों और नई पीढ़ी की बदलती रुचि के कारण अब पहले जैसी सामूहिक भागीदारी कम देखने को मिलती है और कई गांवों में यह परंपरा अब कुछ ही लोगों तक सीमित रह गई है।