जशपुरनगर में सनसनीखेज मामला, मां ने शराब की लत पूरी करने के लिए तीन माह के दूधमुंहे बच्चे को बेचा; एक लाख 80 हजार में सौदा
शराब पीने की लत पूरी करने के लिए एक मां के अपने तीन माह के दूधमुंहे बच्चे को बेचने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
Publish Date: Wed, 14 Oct 2026 10:00:17 PM (IST)Updated Date: Wed, 14 Oct 2026 10:05:52 PM (IST)
जशपुर जिले के कुनकुरी क्षेत्र का मामला, फोटो-एआई जनरेटेडHighLights
- जशपुर जिले के कुनकुरी क्षेत्र का मामला
- मां ने शराब की लत के लिए बच्चा बेचा
- एक लाख 80 हजार में किया गया सौदा
नईदुनिया प्रतिनिधि, जशपुरनगर। शराब पीने की लत पूरी करने के लिए एक मां के अपने तीन माह के दूधमुंहे बच्चे को बेचने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामला जशपुर जिले के कुनकुरी क्षेत्र का है। यहां आरोपित मां ने एक लाख 80 हजार रुपये में सौदा तय कर बच्चे को बंगाल निवासी व्यक्ति को सौंपा था।
पुलिस ने इन दोनों के साथ ही बच्चे को खरीदने वाले पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर जिला स्थित लालपुर भीमचक गांव के व्यक्ति समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपित ने बच्चे को अपनी बेटी को सौंप दिया था। बरामदगी के समय तक बच्चा नौ माह का हो गया है।
बाल खरीदने वाले ने किया सौदा
आरोपित सुकरू ने पुलिस को बताया है कि वह नकली बाल बनाने वाली कंपनियों के लिए बाल खरीदने का काम करता है। इसी व्यवसाय के दौरान उसका परिचय आरोपित मां से हुई थी। आरोपित मां शराब पीने की आदी थी। रुपये का लालच दिये जाने पर वह अपने तीन माह के बच्चे को बेचने के लिए तैयार हो गई। आरोपित सुकरू ने आरोपित मां को 1.80 हजार रुपये देकर मासूम बच्चे को ले लिया और लालपुर भीमचक गांव के रहवासी शेख अलवीन को दे दिया।
अलवीन ने बताया कहां है बच्चा
कुनकुरी पुलिस की टीम पश्चिम बंगाल पहुंची और यहां शेख अलवीन को धर दबोचा। शेख अलवीन ने पुलिस टीम को बताया कि अपहृत बच्चा उसकी बेटी के पास है। पुलिस ने टीम ने बच्चे को संरक्षण में लेकर आरोपित को गिरफ्तार कर कुनकुरी ले आई।
यहां पुलिस ने इस मामले में आरोपित मां के साथ सुकरू आलम उर्फ बंगाली (43), शेख अलवीन (52), निर्मला तिर्की (45) और फूलकुंवारी (50) को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) राकेश पाटनवार ने बताया कि संरक्षित बच्चे की दादी ने कुनकुरी थाना में इसी साल 12 अगस्त को दर्ज कराए गए रिपोर्ट में बताया था कि उसके बेटे शंकर चौहान को उसके पति की मृत्यु के बाद अनुकंप नियुक्ति मिली थी।
शंकर ने यशोदा यादव को अपनी पत्नी बनाकर साथ में रखा था। बाद में शंकर की मौत हो गई। महिला ने 18 दिसंबर 2025 को एक बेटे को जन्म दिया था। यह शिशु मार्च 2026 में अचानक गायब हो गया। बच्चे के गायब होने को लेकर पूछे जाने पर आरोपित महिला कुछ नहीं बता रही थी।
शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद कुनकुरी पुलिस ने किशोर न्याय अधिनियम की धारा 81 और बीएनएस की धारा 143 (4), 61 (2) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर बंगाल के मिदनापुर जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के लालपुर भीमचक का रहवासी आरोपित सुकरू आलम उर्फ बंगाली को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।