
नईदुनिया प्रतिनिधि, कांकेर। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की कार्रवाई के बाद राज्य शासन ने प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई करते हुए कांकेर वृत्त की राज्य कर सहायक आयुक्त अंचला गिरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। राज्य कर आयुक्त द्वारा इस संबंध में निलंबन आदेश जारी किया गया है। गौरतलब है कि इस पूरे मामले को 'नईदुनिया' ने 22 नवंबर के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
जारी आदेश के अनुसार, सहायक आयुक्त अंचला गिरी पर एक व्यवसायी से रिश्वत मांगने और रिश्वत स्वीकार करने का गंभीर आरोप है। इस शिकायत पर एसीबी की टीम ने कार्रवाई करते हुए उन्हें रिश्वत की राशि लेते कथित रूप से रंगे हाथों पकड़ा था।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि किसी शासकीय सेवक द्वारा अपने पदीय दायित्वों के निर्वहन के दौरान रिश्वत की मांग करना अथवा स्वीकार करना गंभीर कदाचरण की श्रेणी में आता है। यह कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3 में निहित शासकीय सेवक से अपेक्षित आचरण, सत्यनिष्ठा और कर्तव्यपरायणता के प्रतिकूल है।
इसी आधार पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 9(1)(क) एवं 9(1)(ख) के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए अंचला गिरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कार्यालय राज्य कर संयुक्त आयुक्त, जगदलपुर संभाग नियत किया गया है, जहां उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।
यह भी पढ़ें- रायपुर में नवजात तस्करी का बड़ा खेल... कम मरीज वाले अस्पताल बने अड्डे, 100 से ज्यादा बच्चे बेचने का शक