
नईदुनिया न्यूज, कोंडागांव। जिले के गोलावंड गांव में गुरुवार को कॉलेज की दोस्ती का रिश्ता एक हिंसक वारदात में बदल गया। यहां एक युवक ने परिचित युवती पर धारदार औजार से जानलेवा हमला करने के बाद दुपट्टे से फंदे पर लटकाने की कोशिश की। लहूलुहान युवती किसी तरह उसके चंगुल से छूटकर परिजनों को बुलाने भागी। कुछ देर बाद जब वह परिजनों के साथ वापस लौटी, तो युवक घर के दूसरे कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। गंभीर रूप से घायल युवती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में बड़ी वारदात, हत्या के बाद चोरी की बाइक से बांधी लाश; फिर आग लगाकर जलाया
पुलिस को दिए बयान में घायल युवती भारती बघेल ने बताया कि कुकाड़गारकापाल निवासी लक्कीराम पोयाम (21 वर्ष) उसका कॉलेज मित्र था और दोनों पिछले दो-तीन वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे। गुरुवार को लक्कीराम ने उसे कोंडागांव से घर छोड़ने की बात कही और अपने साथ गोलावंड ले गया। उस समय घर में कोई भी परिजन मौजूद नहीं था। युवती के अनुसार, घर पहुंचने के बाद युवक ने पहले खाना बनाया और खाया। जब युवती भोजन कर रही थी, तभी युवक ने पीछे से लकड़ी छीलने वाले धारदार औजार से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह बेहोश हो गई।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में मां पर कड़ा से हमला देख बेटा हुआ आगबबूला, टांगी से मामा की कर दी हत्या
बेहोशी की हालत में युवक उसे घर के पीछे बने कमरे में ले गया, जहां उसने मुंह दबाकर गला घोंटा और दुपट्टे से फंदे पर लटकाने का प्रयास किया। इसी दौरान होश आने पर युवती ने हिम्मत जुटाई और युवक को धक्का देकर परिजनों को बुलाने के लिए बाहर भाग निकली। जब वह परिजनों को लेकर वापस घर पहुंची, तो अंदर दूसरे कमरे में लक्कीराम फंदे पर लटका मिला। घटना के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- कोरबा में मुंह में कपड़ा ठूंसकर वृद्धा का घोंटा गला, जादू-टोने के शक में हत्या की आशंका