
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा। कोरबा जिले में हाथियों का उत्पात जारी है। पसान क्षेत्र के बनखेता गांव में शनिवार रात करीब 10 से 11 बजे 65 हाथियों का दल पहुंचा। हाथियों ने एक ग्रामीण के कच्चे मकान की दीवार तोड़कर भीतर रखा धान और चावल खा लिया।
घर के बर्तनों को भी पैरों से कुचलकर नुकसान पहुंचाया। हाथियों की आहट सुनकर परिवार के सदस्यों को जान बचाने के लिए घर छोड़कर भागना पड़ा।
हाथियों को देखकर भागे ग्रामीण
ग्रामीण हरि सिंह ने हाथियों को अपने मकान की ओर बढ़ते देखा तो परिवार के साथ वहां से निकल गया। इसके कुछ ही देर बाद हाथियों ने दीवार तोड़ दी और अनाज खा लिया। फिर दल खेतों की ओर बढ़ा और कई एकड़ में लगी धान की फसल रौंद दी।
यह भी पढ़ें- सौरभ चंद्राकर के केन्द्रीय जेल में आने के बाद सुरक्षा चाक-चौबंद, छत्तीसगढ़ की जेलों में चेकिंग अनिवार्य
कुछ फसल हाथियों ने खा भी ली। फसल में बालियां आ चुकी हैं और कटाई करीब है। ऐसे में किसानों को महीनों की मेहनत और खेती में लगाई पूंजी के नुकसान की चिंता है। कटघोरा वनमंडल में 52 हाथियों का दल विचरण कर रहा है।
मरवाही क्षेत्र से लौटने के बाद यह दल पसान सर्किल के तराईनार जंगल में ठहरा है। रात में दो से तीन समूहों में बंटकर हाथी भर्रापारा, कुम्हारीसानी, बोकरामुड़ी, तराईनार और बनखेता सहित आसपास के गांवों तक पहुंच रहे हैं। वहीं, कोरबा वनमंडल के करतला रेंज में 13 हाथी मौजूद हैं। इस तरह जिले में कुल 65 हाथी विचरण कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर को मिलेगी जाम से राहत, एयरपोर्ट से साडा क्षेत्र तक बनेगा 8.74 किमी लंबा कॉरिडोर