
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से पहले बिचौलियों के अवैध भंडारण और धान खपाने की कोशिशों पर जिला प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में कटघोरा में तीन अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर 250 बोरी मोटा धान जब्त किया गया।
कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर कटघोरा एसडीएम विपिन दुबे के मार्गदर्शन में उड़नदस्ता की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। जांच के दौरान दिलीप अग्रवाल के गोदाम से 75 बोरी, यतीश जायसवाल के गोदाम सह मकान से 50 बोरी और पवन अग्रवाल के गोदाम से 125 बोरी मोटा धान बरामद किया गया। तीनों स्थानों से जब्त धान की कुल मात्रा 250 बोरी है।
कोरबा जिले में 15 नवंबर से पंजीकृत किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होनी है। इसके पहले प्रशासन ने अवैध रूप से धान जमा करने वालों पर निगरानी बढ़ा दी है। आशंका है कि बिचौलिए किसानों के नाम पर समर्थन मूल्य का लाभ लेने के लिए पहले से धान का भंडारण कर रहे हैं। ऐसे प्रयासों को रोकने के लिए जांच अभियान चलाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में धान खरीदी: 24 घंटे घर बैठे मिलेगा टोकन, किसान एप से करें आवेदन
जब्त धान के मामले में मंडी अधिनियम के प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। अवैध भंडारण, परिवहन और खरीदी प्रक्रिया में गड़बड़ी करने वालों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। जांच दल में कटघोरा तहसीलदार सूर्य प्रकाश केसकर, मंडी सचिव नारायण पटेल, मंडी सब इंस्पेक्टर आकाश भारद्वाज और दिनेश कुमार शामिल रहे।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ के किसान ध्यान दें: कृषक उन्नति योजना का लाभ लेने एग्रीस्टैक पोर्टल पर पंजीयन अनिवार्य