Korba में तेज आवाज से भड़का दंतैल हाथी, ट्रैक्टर पर हमला कर किया क्षतिग्रस्त; ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान
कोरबा के जिल्गा गांव में ट्रैक्टर का साइलेंसर निकालकर हाथियों को खदेड़ना भारी पड़ गया। भड़के दंतैल हाथी ने ट्रैक्टर पर हमला कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। चालक ने कूदकर जान बचाई।
Publish Date: Tue, 24 Nov 2026 11:29:35 AM (IST)Updated Date: Tue, 24 Nov 2026 11:39:45 AM (IST)
Korba में तेज आवाज से भड़का दंतैल हाथी।HighLights
- कोरबा के कुदमुरा रेंज में 11 हाथियों का झुंड सक्रिय।
- धान की फसल बचाने ग्रामीण ट्रैक्टर से कर रहे थे शोर।
- साइलेंसर की तेज आवाज से भड़के दंतैल ने ट्रैक्टर तोड़ा।
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा: हाथियों को डराकर जंगल की ओर खदेड़ने के लिए ग्रामीण ट्रैक्टर का साइलेंसर निकालकर तेज आवाज कर रहे थे। इसी दौरान एक दंतैल हाथी पलटकर आक्रामक हो गया और ट्रैक्टर पर हमला कर उसे बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। खतरा भांपकर चालक ने ट्रैक्टर से कूदकर जान बचाई।
घटना सोमवार शाम करीब चार बजे कुदमुरा वन परिक्षेत्र के जिल्गा गांव में हुई। गनीमत रही कि हाथी के हमले में कोई ग्रामीण घायल नहीं हुआ। हाथियों को खदेड़ने के दौरान कुछ ग्रामीण घटना का वीडियो भी बना रहे थे, जो अब इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
धान की फसल बचाने जुटे थे ग्रामीण, मची अफरा-तफरी
- कुदमुरा क्षेत्र में 11 हाथियों का झुंड लगातार विचरण कर रहा है। इन दिनों खेतों में धान की फसल पककर तैयार है। हाथियों का झुंड खेतों में पहुंचकर फसल रौंद रहा था। नुकसान से बचाने ग्रामीण एकत्रित हुए और ट्रैक्टर से हाथियों को खदेड़ने लगे। इसके लिए ट्रैक्टर का साइलेंसर निकालकर तेज आवाज की जा रही थी।
- इसी बीच झुंड से निकला एक दंतैल अचानक भड़क गया और चिंघाड़ते हुए ट्रैक्टर की ओर दौड़ा। चालक जगर सिंह ने तत्काल वाहन से छलांग लगा दी। हाथी ने ट्रैक्टर के इंजन और अगले हिस्से को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। आसपास मौजूद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। हाथी कुछ देर बाद जंगल की ओर लौट गया।