
नईदुनिया प्रतिनिधि, महासमुंद। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुधा साहू ने कहा कि चक्रवात और बेमौसम बारिश से किसानों को हुए नुकसान को देखते हुए प्रदेश सरकार ने कृषक उन्नति योजना के तहत महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।
खरीफ वर्ष 2026-27 में अब किसानों को प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान बेचने की अनिवार्यता से राहत देते हुए मात्र एक क्विंटल धान बेचने पर भी 21 क्विंटल के मान से 13,839 रुपये बोनस देने का निर्णय लिया गया है। इससे प्रदेश के किसानों के चेहरे पर खुशियां लौटी हैं।
27 लाख 50 हजार किसानों को मिलेगी राहत
सुधा साहू ने कहा कि सरकार के इस फैसले से प्रदेश के 27 लाख 50 हजार से अधिक पंजीकृत किसानों को आर्थिक संबल मिलेगा। अब किसानों को पूरा बोनस प्राप्त करने के लिए अपनी पूरी उपज बेचने की मजबूरी नहीं होगी। वे अपनी आवश्यकता के अनुसार धान बेच सकेंगे और शेष उपज को परिवार के उपयोग के लिए सुरक्षित रख सकेंगे।
यह भी पढ़ें- एमपी से राजस्थान तक के स्टेशनों पर सीधी नजर, 70 से अधिक वीडियो सर्विलांस से जुड़े; 24 घंटे रहेगी निगरानी
पिछले महीने आए चक्रवाती तूफान और बेमौसम बारिश से प्रदेश के कई जिलों में धान की फसल प्रभावित हुई है। महासमुंद जिले के अनेक किसानों सहित प्रदेश के कई किसान ऐसे हैं, जिनका उत्पादन प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम रहता है।
पहले ऐसे किसानों को बोनस का पूरा लाभ नहीं मिल पाता था। नए निर्णय से उन्हें भी राहत मिलेगी। सुधा साहू ने कहा कि यह फैसला छोटे और सीमांत किसानों के लिए विशेष रूप से लाभकारी साबित होगा।
मोदी की गारंटी के तहत भाजपा सरकार किसान हित में लगातार काम कर रही है। सरकार ने साबित किया है कि वह संकट के समय किसानों के साथ खड़ी है और उनके हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है।
यह भी पढ़ें- एमपी में बिजली नेटवर्क सुधारने को मिले 1500 करोड़, पर खर्च हुए महज 96.85 करोड़, नए उपकेंद्रों का काम अटका